खटीमा में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर आयोजित, 210 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

Spread the love

खटीमा, 18 दिसंबर 2025।जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत न्याय पंचायत बिगराबाग के पंचायत भवन बिरिया में गुरुवार को एक जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस अभियान के माध्यम से दर्ज होने वाली सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकार के प्रमाण पत्र शीघ्रता से जारी किए जाएं तथा विभाग आपसी समन्वय के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी आवेदन पत्र में कोई कमी हो तो संबंधित विभाग मौके पर ही समन्वय कर उसका निस्तारण कराएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 51 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों के लिए 25 आवेदन पत्र भरवाए गए। विभिन्न योजनाओं के तहत 210 लोगों को लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान 3 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 2 महिला स्वयं सहायता समूहों को चेक तथा 1 दिव्यांग प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, नोडल अधिकारी शिविर एवं मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, तहसीलदार वीरेन्द्र सजवाण, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, खंड विकास अधिकारी संजय गांधी सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Spread the love