

रुद्रपुर |नगर निगम रुद्रपुर के पूर्व महापौर एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री रामपाल सिंह को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, उत्तराखंड का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर जिले भर में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों द्वारा उन्हें बधाइयाँ दी जा रही हैं।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड)
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तराखण्ड की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित,देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट जी की सहमति के पश्चात् भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, उत्तराखण्ड की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष श्री बलवीर घुनियाल द्वारा दिनांक 02 जनवरी 2026 को की गई।
घोषित सूची के अनुसार प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर श्री रामपाल सिंह, श्री रविन्द्र वाल्मिकी, श्री मथुरा प्रसाद, मास्टर सत्यपाल, श्री संजीव कुवर एवं श्री ओम प्रकाश भुजवाण को दायित्व सौंपा गया है। प्रदेश महामंत्री के रूप में श्री दर्पण कुमार, श्री विनोद कुमार लक्खा, श्री धर्मवीर आर्य (अल्मोड़ा), श्री रामू भारती, श्री प्रकान्त कुमार, श्रीमती दीपा देवी, श्री संजीव कुमार एवं श्री सूर्य प्रहरी को नियुक्त किया गया है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष का दायित्व श्री जोनी कसेरिया को दिया गया है, जबकि प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री दयाराम बनाए गए हैं। प्रदेश मीडिया संयोजक श्री रणजीत सिंह जाखी तथा मीडिया सह-संयोजक श्री विनोद महार नियुक्त हुए हैं। वहीं प्रदेश प्रवक्ता के रूप में ई. श्री दिनेश कुमार, श्री देवेन्द्र प्रधान, श्रीमती आशा रानी एवं श्री मोहित राष्ट्रवादी को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने आशा व्यक्त की कि नई टीम संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करते हुए अनुसूचित समाज की आवाज को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।
श्री रामपाल सिंह लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। महापौर रहते हुए उन्होंने रुद्रपुर नगर में विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए। उनके कार्यकाल को आज भी जनसेवा और विकासोन्मुखी दृष्टि के लिए याद किया जाता है।
पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने को संगठनात्मक दृष्टि से सशक्त निर्णय माना जा रहा है। उनके अनुभव, संगठन के प्रति निष्ठा, मजबूत जमीनी पकड़ और अनुसूचित समाज के प्रति संवेदनशील सोच को देखते हुए भाजपा ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है।
उनकी नियुक्ति से अनुसूचित समाज के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक उत्थान से जुड़े मुद्दों को प्रदेश स्तर पर मजबूती से उठाए जाने की उम्मीद है। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में भी गति आएगी।
इस अवसर पर कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि श्री रामपाल सिंह के नेतृत्व में अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तराखंड में और अधिक सक्रिय व प्रभावी भूमिका निभाएगा। युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
अपनी नियुक्ति पर श्री रामपाल सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा अनुसूचित समाज के हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।




