हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश: महिला गैंगस्टर समेत तीन गिरफ्तार, लाखों की वसूली का खुलासा

Spread the love


गदरपुर (उधम सिंह नगर)।कोतवाली गदरपुर पुलिस ने एक संगठित हनी-ट्रैप और रंगदारी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला गैंगस्टर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह पर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को फंसाकर मारपीट, धमकी और अश्लील वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर लाखों रुपये की अवैध वसूली करने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 26 जनवरी 2026 को वादी मुकदमा दाऊद पुत्र भूरा, निवासी ग्राम मडियान शादी, जिला रामपुर (उ.प्र.) ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर दी। पीड़ित ने बताया कि जौहर उर्फ महक नामक युवती ने फेसबुक आईडी के माध्यम से उससे संपर्क किया और दोस्ती बढ़ाने के बाद उसे गदरपुर बुलाया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
गदरपुर पहुंचने पर अभियुक्ता अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के साथ गाली-गलौच, मारपीट करने लगी और उसे जान से मारने, फर्जी मुकदमे में फंसाने तथा अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। भयभीत पीड़ित से आरोपियों ने ₹40,000 नकद और ₹95,000 ऑनलाइन धोखाधड़ीपूर्वक वसूल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार संख्या UP22BA4232 से मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली गदरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन 26 जनवरी 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम इस प्रकार हैं—
जौहर उर्फ महक (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी चादर बाला बाग मोहल्ला, जिला अस्पताल, रामपुर (उ.प्र.)
राबिया (उम्र लगभग 20 वर्ष), निवासी राजद्वारा कोने वाली गली, कोतवाली रामपुर (उ.प्र.)
रोहन (उम्र लगभग 22 वर्ष), निवासी स्वार गेट, मुड़िया नदार बाग, रामपुर (उ.प्र.)
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार UP22BA4232 तथा रंगदारी से वसूली गई राशि भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह करीब 10 से 12 सदस्यों का है, जिसमें महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अमीर और अकेले युवकों को निशाना बनाता है। पहले महिलाओं द्वारा दोस्ती की जाती है, फिर अलग-अलग शहरों में बनाए गए ठिकानों पर बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से रंगदारी वसूली जाती है। यदि कोई व्यक्ति पैसे देने से इनकार करता है तो उसे फर्जी दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


Spread the love