शिवसेना कुमाऊँ की पहल: द्वाराहाट विकासखंड में आत्मनिर्भरता पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव

Spread the love

हल्द्वानी/अल्मोड़ा। शिवसेना कुमाऊँ मंडल ने क्षेत्रीय बेरोजगारी और पलायन की समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के अंतर्गत माइक्रो एंड स्मॉल इंडस्ट्रीज़ डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (MSDI), हल्द्वानी को एक महत्वपूर्ण सुझाव पत्र सौंपा है। पत्र में विकासखंड द्वाराहाट (जिन्ना जन्मोढ़ा), जिला अल्मोड़ा में “Adopt Self-Employment, Become Self-reliant” कार्यक्रम के तहत एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित करने का आग्रह किया गया है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


शिवसेना कुमाऊँ मंडल प्रमुख पूरनचंद्र भट्ट द्वारा प्रेषित इस पत्र में कहा गया है कि स्थानीय युवाओं, महिलाओं और किसानों को सरकारी योजनाओं, तकनीक और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने के लिए यह कार्यशाला बेहद उपयोगी सिद्ध होगी। प्रस्तावित कार्यशाला में कृषि, उद्यान एवं बागवानी, मत्स्य पालन, सौर ऊर्जा, मशरूम उत्पादन, पशुपालन, डेयरी, खादी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों तथा सफल उद्यमियों को आमंत्रित करने का सुझाव दिया गया है, ताकि वे योजनाओं की जानकारी देकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर सकें।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस पहल से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और पलायन पर अंकुश लगेगा। शिवसेना ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग और व्यापक प्रचार-प्रसार का आश्वासन दिया है, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय लोग कार्यशाला में सहभागिता कर सकें।
शिवसेना जिला नैनीताल के सचिव सुरेश राम टम्टा के साथ संयुक्त रूप से किए गए इस आग्रह में संबंधित विभाग से अनुरोध किया गया है कि प्रस्ताव को स्वीकार कर निर्धारित क्षेत्र में शीघ्र एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाए। संगठन ने उम्मीद जताई है कि एमएसएमई विभाग इस जनहितकारी पहल पर सकारात्मक निर्णय लेगा।
गौरतलब है कि यह पत्र 22 जनवरी 2026 को प्राप्त होने का उल्लेख भी किया गया है। संगठन का मानना है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाकर ही आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।


Spread the love