किच्छा के विकास के लिए मुख्यमंत्री धामी की प्रतिबद्धतामहत्वपूर्ण घोषणाओं के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी**

Spread the love

किच्छा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किच्छा के विकास को लेकर किए गए वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री के किच्छा दौरे के दौरान की गई दो प्रमुख घोषणाओं को पूरा करने के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। यह जानकारी पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान दी।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने बताया कि 13 अक्टूबर 2024 को किच्छा में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान उनकी मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। पहली घोषणा के तहत किच्छा के पुरानी टैक्सी स्टैंड पर भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी झेलकर आए विभाजन विभीषिका सेनानियों की स्मृति में एक भव्य स्मारक की स्थापना की जानी थी। वहीं दूसरी घोषणा के अंतर्गत पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जानी थी।
उन्होंने बताया कि घोषणा संख्या 636/2024 के अंतर्गत पुरानी टैक्सी स्टैंड पर विभाजन विभीषिका सेनानियों के स्मारक निर्माण हेतु 51 लाख 51 हजार रुपये, जबकि घोषणा संख्या 635/2024 के अंतर्गत पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के अंबेडकर पार्क में बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा की स्थापना के लिए 45 लाख 88 हजार रुपये की धनराशि संस्कृति विभाग द्वारा कार्यदायी संस्था को अवमुक्त कर दी गई है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धामी सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और किच्छा के समग्र विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए धनराशि जारी किया जाना यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार विकास के मुद्दों को लेकर गंभीर है।
शुक्ला ने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से किच्छा की ऐतिहासिक और सामाजिक विरासत को नई पहचान मिलेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को देश के इतिहास और महान विभूतियों के योगदान से प्रेरणा प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किच्छा सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाएं निरंतर धरातल पर उतरती रहेंगी।


Spread the love