W PL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दूसरी बार विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस टीम ने गुरुवार को बीसीए स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के विरुद्ध 6 विकेट से जीत दर्ज की.

Spread the love

इससे पहले आरसीबी ने WPL 2023/24 का खिताब अपने नाम किया था. इस लीग का पहला और तीसरा सीजन मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने नाम किया था. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचकर ट्रॉफी जीतने का मौका गंवा बैठी.

एक गलती और दिल्ली कैपिटल्स के हाथ से फिसल गई ट्रॉफी

WPL 2026 के फाइनल मैच में दिल्ली कैपिटल्स की एक गलती उस पर भारी पड़ गई और उसके हाथ से ट्रॉफी जीतने का मौका फिसल गया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पारी के 19वें ओवर में जब राधा यादव बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर उतरी तो मिन्नु मनी ने उनका कैच टपका दिया. इस ओवर में चिनेल हेनरी की पांचवीं गेंद पर राधा यादव का वह कैच अगर मिन्नु मनी लपक लेती तो मैच की कहानी कुछ और ही होती.

जेमिमा रोड्रिग्ज की टीम से कहां हुई चूक?

19वें ओवर में जेमिमा रोड्रिग्ज की टीम ने राधा यादव का कैच छोड़ा और राधा यादव ने ही 20वें ओवर में 2 चौके जड़कर मैच खत्म किया. राधा यादव ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को दूसरा WPL खिताब जिताने में मदद की. गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट खोकर 203 रन बनाए. इस टीम को शेफाली वर्मा और लिजेल ली की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 5.5 ओवरों में 49 रन की साझेदारी की.

जेमिमा ने वोल्वार्ड्ट के साथ 76 रन जोड़े

शेफाली वर्मा 20 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि लिजेल ली ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. कैपिटल्स 72 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी. यहां से जेमिमा रोड्रिगेज ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया. जेमिमा 37 गेंदों में 8 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद चिनले हेनरी (नाबाद 35) ने वोल्वार्ड्ट (44) के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया. विपक्षी खेमे से सयाली सतघरे, अरुंधति रेड्डी और नादिन डी क्लार्क ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

राधा यादव ने 5 गेंदों में 12 रन बनाए

इसके जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस टीम ने 9 के स्कोर पर ग्रेस हैरिस (9) का विकेट खो दिया था. यहां से कप्तान स्मृति मंधाना ने जॉर्जिया वोल के साथ दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रन जोड़कर मैच आरसीबी की पकड़ में ला दिया. 174 के स्कोर पर टीम को जॉर्जिया वोल के रूप में दूसरा झटका लगा. जॉर्जिया 54 गेंदों में 14 चौकों के साथ 79 रन बनाकर आउट हुईं. अगले दो ओवरों में टीम ने ऋचा घोष (6) और कप्तान मंधाना का विकेट गंवा दिया. मंधाना 41 गेंदों में 3 छक्कों और 12 चौकों के साथ 87 रन बनाकर आउट हुईं. यहां से मुकाबला रोमांचक बन गया था, लेकिन राधा यादव ने 5 गेंदों में 2 चौकों के साथ 12 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाई. कैपिटल्स की तरफ से चिनले हेनरी ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि नंदिनी शर्मा और मिन्नु मणि ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.🏏 क्रिकेट हाइलाइट्स, स्कोर और बहुत कुछ


Spread the love