

रुद्रपुर।नगर निगम कार्यालय में दिनांक 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क, रुद्रपुर में आयोजित होने वाले सरस मेले के भव्य आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य मेले के शुभारंभ समारोह, कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श करना रहा। इस दौरान यह स्पष्ट किया गया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और उनके करकमलों द्वारा सरस मेले का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम उनकी गरिमामयी अध्यक्षता में संपन्न होगा।
बैठक में आईएएस श्री हिमांशु जोशी (परियोजना निदेशक, डीआरडीए), श्री आसित आनंद (खंड विकास अधिकारी, रुद्रपुर), नगर आयुक्त श्रीमती शिप्रा जोशी पांडे, सहायक नगर आयुक्त श्रीमती राजू नबियाल सहित विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
जानकारी दी गई कि 14 से 23 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस सरस मेले में लगभग 150 स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले की विशेषता यह होगी कि प्रतिदिन अलग-अलग समाजों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें पार्वती समाज, पूर्वांचल समाज, बंगाली समाज, पंजाबी समाज सहित अनेक समाज अपनी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं एवं लोक कलाओं का सजीव प्रदर्शन करेंगे।
इसके साथ ही मेले में शिव जागरण, रामलीला मंचन, हास्य कवि सम्मेलन, विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा विद्यालयों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार यह मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और जनभागीदारी को मजबूत करने का सशक्त मंच बनेगा।
बैठक में अमरनाथ जी सेवा मंडल के संस्थापक श्री सुनील ठुकराल, अध्यक्ष श्री अजय चड्ढा, सरपरस्त श्री अमित अरोड़ा (बॉबी), जगदीश बटला, बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, सदस्य अमित वैध, अशोक विश्वास, देवभूमि व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष श्री गुरमीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र अरोड़ा, संघ के जिला व्यवस्था प्रमुख श्री राजकुमार खनिजों, पूर्वांचल महासभा से जेबी सिंह, दुर्गेश मौर्य, हिमांशु शुक्ला, भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह राय बनी कि सरस मेला रुद्रपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला आयोजन सिद्ध होगा।





