गांधी पार्क रुद्रपुर में आयोजित हुआ जनपद स्तरीय समारोह, विधायक शिव अरोड़ा, महापौर विकास शर्मा, राज्य मंत्री रामपाल सिंह, राज्य मंत्री उत्तम दत्ता और राज्य मंत्री सुरेश कोली सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद; पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने विकास कार्यों को सराहा, आंदोलनकारी परिषद के अध्यक्ष अवतार सिंह बिष्ट ने शहीदों को किया नमन
रुद्रपुर, 09 नवंबर 2026। उत्तराखंड का 27वां राज्य स्थापना दिवस ।उत्तराखंड की पहचान उसकी देवभूमि की परंपरा, हिमालय की संस्कृति, नदियों, जंगलों, लोकभाषाओं और राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष में बसती है। यही विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाना स्थापना दिवस का वास्तविक संदेश है।
आज 26वें स्थापना दिवस पर खटीमा, मसूरी, रामपुर तिराहा, श्री यंत्र टापू और उत्तराखंड के प्रत्येक आंदोलन स्थल को नमन करने का दिन है। उन माताओं, बहनों, युवाओं और साथियों को शत-शत प्रणाम, जिन्होंने अलग राज्य के लिए संघर्ष किया। उत्तराखंड का निर्माण किसी उपहार से नहीं, बल्कि जनसंघर्ष और बलिदान से हुआ है।
42 अमर शहीदों को शत-शत नमन। समस्त उत्तराखंडवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलना राज्य के 26 वर्षों के पुलिस इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान उन अधिकारियों और जवानों के योगदान की पहचान है, जिन्होंने सीमित संसाधनों, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं और चारधाम यात्रा जैसी बड़ी जिम्मेदारियों के बीच सेवाएं दी हैं।
अब उत्तराखंड की जनता यह देखना चाहेगी कि राष्ट्रपति के इस सम्मान के बाद पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही, अपराध नियंत्रण और आम आदमी को न्याय दिलाने की प्रक्रिया कितनी बेहतर होती है।
सम्मान मिला है, अब जनता के विश्वास को और मजबूत करने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। ऊधम सिंह नगर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय रुद्रपुर के गांधी पार्क में आयोजित मुख्य समारोह में उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले 42 अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, राज्य आंदोलनकारियों और गणमान्य नागरिकों ने शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा शामिल हुए। रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, पूर्व मेयर एवं वर्तमान राज्य मंत्री रामपाल सिंह, राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोली, किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक शिव अरोड़ा ने शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का आह्वान किया
मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोड़ा ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के बलिदान के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, रुद्रपुर बाईपास, किच्छा में सेटेलाइट एम्स, स्मार्ट औद्योगिक पार्क, फॉरेंसिक विश्वविद्यालय और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार जैसी योजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने सभी से शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मेडिकल कॉलेज और कृषि आधुनिकीकरण को बताया उपलब्धि
किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड पिछले 26 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं में एम्स अस्पताल और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाओं का विस्तार महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और खेती के नए तौर-तरीकों से किसानों को लाभ पहुंचाने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से बदल रहा है और विकास की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़नी चाहिए।
सुरेश कोली ने तीर्थाटन स्थलों को विकसित करने पर दिया जोर
दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोली ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक तीर्थस्थलों और प्राकृतिक सुंदरता से है। प्रदेश के तीर्थाटन स्थलों को विकसित करने, संवारने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम सहित प्रदेश के धार्मिक और पर्यटन स्थलों का विकास उत्तराखंड को देवभूमि के रूप में नई पहचान दे रहा है। इससे स्थानीय रोजगार, पर्यटन और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने प्रदेश की उपलब्धियों को बताया गौरव का विषय
राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड ने अपने 26 वर्षों के सफर में अनेक क्षेत्रों में प्रगति की है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के अमर शहीदों और आंदोलनकारियों के संघर्ष को हमेशा याद रखा जाना चाहिए। उनके सपनों के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड बनाने के लिए सरकार और समाज को मिलकर कार्य करना होगा।
रामपाल सिंह ने आंदोलनकारियों के बलिदान को किया नमन
पूर्व मेयर एवं वर्तमान राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। प्रदेश की प्रगति के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने राज्य निर्माण के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आंदोलनकारियों के योगदान को अविस्मरणीय बताया।
अवतार सिंह बिष्ट ने कहा- आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाना परिषद का संकल्प
उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी अवतार सिंह बिष्ट ने परिषद की ओर से समस्त प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण किसी उपहार से नहीं, बल्कि आंदोलनकारियों के संघर्ष, मातृशक्ति के साहस और 42 अमर शहीदों के बलिदान से हुआ है। खटीमा, मसूरी, रामपुर तिराहा और श्री यंत्र टापू सहित सभी आंदोलन स्थलों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की मूल अवधारणा न्याय, सम्मान, रोजगार और पहाड़ के विकास की थी। आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि की संस्कृति, हिमालय की परंपराओं, नदियों, जंगलों और लोकभाषाओं को सुरक्षित रखना जरूरी है। उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलना प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि है। अब पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और आम नागरिक को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का किया आह्वान
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिन अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को लेकर पृथक राज्य की मांग की थी, उनके अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देना होगा। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, तत्परता और ईमानदारी से करें। यही अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विकास पुस्तिका का विमोचन, पहाड़ी गीतों पर छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम के साथ जीजीआईसी पंतनगर की छात्राओं और अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने पहाड़ी गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और लोकसंस्कृति से सजी प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
विभागीय स्टॉलों पर दी गई योजनाओं की जानकारी, लाभार्थियों को चेक वितरित
समारोह स्थल पर कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य, शिक्षा, डेयरी, स्वयं सहायता समूह, बाल विकास, पंचायतीराज, उरेडा, सेवायोजन, सहकारिता, आपदा प्रबंधन, विद्युत, पेयजल, राजस्व, नगर निगम, पूर्ति, पर्यटन, श्रम तथा आयुर्वेद एवं यूनानी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं और मैराथन दौड़ के विजेताओं को प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं राज्य आंदोलनकारी
जनप्रतिनिधि एवं प्रमुख अतिथि
शिव अरोड़ा – विधायक, रुद्रपुर एवं मुख्य अतिथि।
रामपाल सिंह – पूर्व मेयर एवं वर्तमान राज्य मंत्री।
उत्तम दत्ता – राज्य मंत्री।
सुरेश कोली – दर्जा राज्य मंत्री।
राजेश शुक्ला – पूर्व विधायक, किच्छा।
विकास शर्मा – महापौर, रुद्रपुर।
मनोज कुमार गम्बर – नगर पालिका अध्यक्ष, गदरपुर।
योगेश वर्मा – सांसद प्रतिनिधि।
प्रशासनिक अधिकारी
नितिन सिंह भदौरिया – जिलाधिकारी।
दिवेश शाशनी – मुख्य विकास अधिकारी।
पंकज उपाध्याय – अपर जिलाधिकारी।
गोपाल गिरी गोस्वामी – जिला विकास अधिकारी।
रमा गोस्वामी – एपीडी।
मनीष बिष्ट – उपजिलाधिकारी।
राज्य आंदोलनकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति
अवतार सिंह बिष्ट – केंद्रीय अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद।
हरीश पनेरू।
भारत भूषण चुघ।
पीसी शर्मा।
एसके नैय्यर।
कांति भागुनी।
नसरीन कुरैशी।
जहांगीर कुरैशी।
अनिल चौहान।
केके बत्रा।
बलराज सिंह।
सुनील चौहान।
चन्द्रा पंत।
जानकी जोशी।
अमित नारंग।
देवकी बिष्ट।
सावित्री जोशी।
डॉ. ललित मोहन उप्रेती।
हरविंदर चुग।
सतीश चुघ – गुलरभोज।
उत्तराखंड का 27वां राज्य स्थापना दिवस समारोह अमर शहीदों को नमन, राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और प्रदेश के चहुंमुखी विकास के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर

