

रुद्रपुर, 17 अप्रैल 2026।प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि बिना सक्षम स्तर की संस्तुति के किसी भी शिकायत को “फोर्स क्लोज” न किया जाए।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई अधिकारी बिना पर्याप्त कार्यवाही किए शिकायत को फोर्स क्लोज करता है, तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सीएम हेल्पलाइन-1905 केवल एक दूरभाष संख्या नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और अपेक्षाओं का सशक्त माध्यम है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक किया जाना अनिवार्य है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलाधिकारी स्तर पर प्रत्येक सप्ताह तथा विभागीय सचिव स्तर पर हर माह कम से कम दो बार शिकायतों की समीक्षा की जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर फीडबैक लेने और उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन की सफलता का आकलन तभी संभव है, जब आमजन को यह महसूस हो कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जा रहा है। बैठक के दौरान उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वीसी जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, डीएफओ यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, अधीक्षण अभियंता लोनिवि अनिल पांगती, सिंचाई विभाग के पीके दीक्षित, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, रविन्द्र बिष्ट, महाप्रबंधक मंडी निर्मला बिष्ट सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




