

मंडी बोर्ड की 41वीं बैठक में 155 करोड़ का बजट पास, आउटसोर्स कर्मियों के वेतन बढ़ाने का फैसला रुद्रपुर/देहरादून।
उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की 41वीं बोर्ड बैठक मंगलवार को सम्पन्न हुई, जिसमें 155 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर “डब्बू” ने की।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
बैठक में मण्डियों के विकास के लिए सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई। साथ ही आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके लिए वित्त नियंत्रक की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है, जो विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर वेतन वृद्धि तय करेगी।
बोर्ड ने विपणन क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए नए पदों के सृजन का प्रस्ताव भी पारित कर शासन को भेजने का निर्णय लिया। साथ ही सैनिक कल्याण विभाग द्वारा उपनल कर्मियों के लिए जारी शासनादेश को भी मण्डी बोर्ड में लागू करने पर सहमति बनी।
डॉ. अनिल कपूर ने बताया कि अगले 20 दिनों के भीतर सभी मण्डियों में दैनिक दरों को डिजिटल बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को फल, सब्जी और अन्य खाद्य सामग्री सस्ती दरों पर उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा प्रमुख मण्डियों में रिटेल काउंटर खोलने की योजना भी बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश में कृषि विपणन व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। वर्तमान में मण्डी अधिकारियों द्वारा व्यापारियों के लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।
बैठक में प्रबंध निदेशक हेमंत कुमार वर्मा, महाप्रबंधक (प्रशासन) निर्मला बिष्ट, महाप्रबंधक (वित्त) जुबक मोहन सक्सेना, महाप्रबंधक (तकनीकी) विजय कुमार समेत शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




