‘भूत बंगला’ की चमक फीकी! 100 करोड़ के बावजूद दर्शकों ने किया नकार, मंडे टेस्ट में गिरा कलेक्शन

Spread the love



रूद्रपुर/मनोरंजन डेस्क।भूत बंगला को लेकर जितनी उम्मीदें थीं, बॉक्स ऑफिस पर उतनी ही निराशा देखने को मिल रही है। अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी भले ही चर्चा में रही हो, लेकिन दर्शकों ने फिल्म को लगभग नकार दिया है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


फिल्म ने चार दिन में वर्ल्डवाइड 100 करोड़ का आंकड़ा जरूर पार कर लिया, लेकिन यह आंकड़ा भी उम्मीदों के मुकाबले कमजोर माना जा रहा है। खासकर मंडे टेस्ट में फिल्म बुरी तरह फिसलती नजर आई। चौथे दिन फिल्म ने भारत में महज 6.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जो वीकेंड के मुकाबले लगभग 70% की गिरावट दर्शाती है।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म को पेड प्रीव्यू में 3.75 करोड़, पहले दिन 12.25 करोड़, दूसरे दिन 19 करोड़ और तीसरे दिन 23 करोड़ की कमाई मिली थी। लेकिन मंडे आते ही दर्शकों की रुचि अचानक कम हो गई। सिनेमाघरों में ऑक्यूपेंसी सिर्फ 14% रहना इस बात का संकेत है कि फिल्म को वर्ड ऑफ माउथ का फायदा नहीं मिल रहा।
नेट कलेक्शन 64.75 करोड़ और ओवरसीज से 29 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 106.34 करोड़ पहुंचा है। बावजूद इसके, 120 करोड़ के बजट के हिसाब से फिल्म अभी भी सुरक्षित स्थिति में नहीं मानी जा रही।
वहीं दूसरी ओर, धुरंधर 2 भले ही 34 दिन पुरानी हो चुकी है, लेकिन उसका कुल कलेक्शन 1000 करोड़ के पार पहुंच चुका है। ऐसे में तुलना करने पर ‘भूत बंगला’ कहीं भी टिकती नजर नहीं आती।
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म की कमजोर कहानी, औसत कॉमेडी और डर का अभाव इसकी सबसे बड़ी कमजोरी साबित हुई है। दर्शकों ने सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जिससे आगे की कमाई पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
कुल मिलाकर, ‘भूत बंगला’ 100 करोड़ क्लब में पहुंचने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर वह प्रभाव छोड़ने में असफल रही है, जिसकी उम्मीद अक्षय कुमार की वापसी से की जा रही थी। अब असली चुनौती यह है कि वीकडेज में फिल्म कितनी टिक पाती है या जल्द ही सिनेमाघरों से बाहर हो जाती है।


Spread the love