लैंसडाउन/कोट (पौड़ी गढ़वाल)।हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) ने आगामी चुनावों को देखते हुए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में कोट ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सिंह बेलवाल ने विकास खंड कोट के ग्राम केमन में व्यापक घर-घर संपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को पार्टी का दृष्टिपत्र वितरित करते हुए HKP के विजन और मिशन की विस्तार से जानकारी दी।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
रमेश सिंह बेलवाल ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब जनता को विभिन्न राजनीतिक दलों के विजन में अंतर स्वयं समझना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि HKP के प्रमुख मुद्दे—‘एक परिवार-एक रोजगार’, ‘मूल निवास 1950’, ‘सशक्त भू-कानून’ और ‘राजधानी गैरसैंण’—को अब अन्य दल जैसे भाजपा, कांग्रेस और यूकेडी भी अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि हिमालय क्रांति पार्टी का दृष्टिकोण सबसे स्पष्ट और जनहितकारी है।
इस बीच लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में हिमालय क्रांति पार्टी का चुनाव कार्यालय भी विधिवत रूप से खोला गया। कार्यालय का उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बिष्ट ने किया। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यालय के खुलने से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और जनसमस्याओं के समाधान में भी आसानी होगी।
लैंसडाउन सीट से पार्टी प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लाल सिंह बिष्ट ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय और प्रांतीय नेतृत्व का पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे उनका उत्साह दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा कि वे लगातार क्षेत्र में जाकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे हैं।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने भी पार्टी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
नारा:
“हिमालय से प्रेरणा, क्रांति से निर्माण”

