रुद्रपुर। जिला सत्र एवं न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए तैयार किए गए आधुनिक सभागार (सेंट्रल हॉल) का बुधवार को भव्य लोकार्पण किया गया। करीब 18 लाख रुपये की लागत से हुए इस नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने जिला न्यायाधीश सिकंद कुमार त्यागी के साथ फीता काटकर किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
कार्यक्रम की शुरुआत सेंट्रल हॉल में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें विधायक शिव अरोरा और जिला न्यायाधीश ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर आयोजन का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता और जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि अधिवक्ता समाज की न्याय व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो आमजन को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि उनका अधिवक्ता वर्ग से पुराना जुड़ाव रहा है और विधायक बनने के बाद उन्होंने बार एसोसिएशन के आग्रह पर 25 लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण कार्य भी कराया।
उन्होंने कहा कि नया सेंट्रल हॉल अधिवक्ताओं के लिए मंथन, चिंतन और बैठकों का एक सुसज्जित केंद्र बनेगा, जहां विभिन्न कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने इस भव्य निर्माण के लिए सभी बार पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं को बधाई दी।
विधायक अरोरा ने यह भी बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए उनके संकल्पों में से करीब 75 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्यों को 2026 के अंत तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं की मांग पर शेष टीन शेड निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव फोगाट, सचिव जसवंत सिंह, उपाध्यक्ष इंद्रजीत बिट्टा, कोषाध्यक्ष कुलवीर ढिल्लों सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने नव-निर्मित सभागार का अवलोकन किया और इसकी आधुनिक सुविधाओं की सराहना की।
