हल्द्वानी। नगर निगम सभागार, हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य निर्माण सम्मान परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, व्यापारियों, राज्य आंदोलनकारियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड।
समारोह में अनिल कुमार डब्बू, गजराज सिंह बिष्ट, ध्रुव रौतेला (मीडिया प्रभारी, उत्तराखंड सरकार), अनिल खंडेलवाल, जगमोहन सिलवाल, बालम सिंह बिष्ट, राजकुमार केसरवानी, हेमचंद पाठक, विनोद गड़ियाल, गोपाल भट्ट, अजय कृष्ण गोयल, केदार पलाडिया, तरुण पंत, जगमोहन बगड़वाल, सुशील उनियाल, बलवंत सिंह रावत एवं धनंजय बेलवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता तथा परिषद के माध्यम से उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल होनी चाहिए।
अनिल कुमार डब्बू ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए परिषद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा हुकम सिंह कुंवर के नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।
ध्रुव रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आंदोलनकारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और परिषद के माध्यम से उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
अपने संबोधन में हुकम सिंह कुंवर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं, सम्मान, पहचान एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए परिषद पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने स्थायी राजधानी एवं आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपनी स्पष्ट राय रखते हुए कहा कि राज्य निर्माण की मूल भावना के अनुरूप निर्णय लिए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित अनिल खंडेलवाल, जगमोहन सिलवाल, बालम सिंह बिष्ट, राजकुमार केसरवानी, हेमचंद पाठक, विनोद गड़ियाल, गोपाल भट्ट, अजय कृष्ण गोयल, केदार पलाडिया, तरुण पंत, जगमोहन बगड़वाल, सुशील उनियाल, बलवंत सिंह रावत तथा धनंजय बेलवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए हुकम सिंह कुंवर को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई।
समारोह में देवभूमि व्यापार मंडल के रामनगर, खटीमा, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारी प्रतिनिधियों तथा राज्य आंदोलनकारियों ने भी भाग लिया। उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ एवं सम्मान चिह्न भेंट कर हुकम सिंह कुंवर का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का समापन राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा उत्तराखंड राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने हुकम सिंह कुंवर के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए परिषद से जनहित एवं आंदोलनकारियों के हितों में प्रभावी कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
