रूद्रपुर। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं आमजन की शिकायतों के समाधान के उद्देश्य से तहसील रूद्रपुर में 19 मई 2026 को तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर की अध्यक्षता में प्रातः 10 बजे एपीजे अब्दुल कलाम सभागार, कलेक्ट्रेट रूद्रपुर में आयोजित होगा।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
उपजिलाधिकारी रूद्रपुर द्वारा जारी पत्र के अनुसार शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को तहसील दिवस आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मई को आयोजित होने वाले तहसील दिवस में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसील दिवस में स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, सिंचाई, विद्युत, जल संस्थान, परिवहन, उद्योग, पंचायत, वन, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, पूर्ति, नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे, जिनका मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
उपजिलाधिकारी रूद्रपुर ने संबंधित अधिकारियों को समय से उपस्थित रहने तथा आवश्यक अभिलेखों के साथ प्रतिभाग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं नायब तहसीलदार रूद्रपुर को आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। राजस्व निरीक्षकों एवं उपराजस्व निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में तहसील दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि तहसील दिवस आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
