सीएम घोषणाओं में तेजी, अब गांव-गांव पहुंचेगी वैज्ञानिक कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था: डीएम

Spread the love


नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं, जिला योजना, आजीविका एवं रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा 25 सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद के लिए की गई 399 घोषणाओं में से 155 पूरी हो चुकी हैं, जबकि केवल 24 घोषणाएं जिला स्तर पर लंबित हैं। शेष घोषणाओं पर विभिन्न स्तरों पर कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने रुद्रपुर में बंग भवन निर्माण, खेड़ा क्षेत्र में पर्यावरण मित्रों के लिए आवास निर्माण तथा मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत शिव मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य हेतु सात दिन के भीतर डीपीआर तैयार करने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए। वहीं ग्रामीण निर्माण विभाग को तीन ग्रामीण सड़कों के डीपीआर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में जसपुर और खटीमा में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सितारगंज शक्तिफार्म राजकीय इंटर कॉलेज तथा खटीमा टीडीसी परिसर में खेल मैदान निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा गया।
25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद आयोजित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट-2026 कार्यशाला में जिलाधिकारी ने कहा कि अब शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी वैज्ञानिक एवं संगठित कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी को नए मानकों के अनुरूप विस्तृत मास्टर प्लान तैयार कराने के निर्देश दिए गए।
पीडी हिमांशु जोशी ने बताया कि जनपद की 373 ग्राम पंचायतों को मिलाकर 10 से 12 हजार आबादी पर आधारित 78 से अधिक क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। इन क्लस्टरों के माध्यम से कूड़ा संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन और निस्तारण की सुव्यवस्थित व्यवस्था लागू होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love