महापौर जनता के द्वार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, मौके पर हुआ समस्याओं का समाधानमहिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंदों को मिली बड़ी राहत

Spread the love


रुद्रपुर। शहर के वार्डों और मलिन बस्तियों तक सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान को सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान के तहत सोमवार को रम्पुरा स्थित चौरासी घंटा मंदिर परिसर में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड संख्या 21, 22, 23 और 24 के सैकड़ों लोग पहुंचे और विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया। सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ शिविर में उमड़नी शुरू हो गई थी और देर शाम तक लोग अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के समक्ष पहुंचते रहे।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


शिविर में नगर निगम, बिजली विभाग, जल संस्थान, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, आयुष्मान योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा समेत विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रम कार्ड, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, बिजली कनेक्शन, पेयजल और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कई लोगों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महापौर विकास शर्मा ने स्वयं अधिकारियों के साथ बैठकर लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में तत्काल निस्तारण कराया। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सामने आने पर उन्होंने रम्पुरा चौकी इंचार्ज पंकज कुमार को मौके पर बुलाकर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। शिविर में पहुंचे दिव्यांग ओम नारायण की समस्या सुनने के बाद महापौर ने समाज कल्याण विभाग को उन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मलिन बस्तियों से आए कई लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान होने से उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। बुजुर्ग महिलाओं ने महापौर को आशीर्वाद देते हुए वार्ड स्तर पर शिविर लगाने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ट्रिपल इंजन सरकार जनता के घर तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि शिविरों में महिलाओं की बड़ी भागीदारी यह साबित करती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है। पहले महिलाएं और बुजुर्ग छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर थे, लेकिन अब नगर निगम स्वयं उनके वार्डों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किया गया वादा अब धरातल पर उतर रहा है और आगे भी अलग-अलग वार्डों में इसी प्रकार शिविर लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। नगर निगम सरकार और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभा रहा है तथा विकास कार्य जनता की प्राथमिकताओं के अनुरूप कराए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने कहा कि ‘महापौर जनता के द्वार’ कार्यक्रम जनभावनाओं का सम्मान करने की पहल है। उन्होंने कहा कि कई बुजुर्ग, महिलाएं और जरूरतमंद लोग विभिन्न कारणों से सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते, ऐसे में वार्ड स्तर पर लगाए जा रहे शिविर उन्हें बड़ी राहत प्रदान कर रहे हैं। नगर निगम का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी सुविधाएं सरल और सुगम तरीके से पहुंचाई जाएं।
जब सरकार चौखट तक पहुंची, तो चेहरे खिल उठे
रम्पुरा के चौरासी घंटा मंदिर परिसर में लगा ‘महापौर जनता के द्वार’ शिविर केवल सरकारी औपचारिकता बनकर नहीं रह गया, बल्कि यह लोगों के लिए राहत और भरोसे का केंद्र बनता दिखाई दिया। वर्षों से छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने वाले लोगों को पहली बार अपने ही वार्ड में अधिकारी और जनप्रतिनिधि एक साथ बैठे दिखाई दिए। बुजुर्ग महिलाएं जब अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं और मौके पर समाधान मिला तो उनके चेहरे खिल उठे। कई महिलाओं ने महापौर विकास शर्मा को आशीर्वाद देते हुए कहा कि अब उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
शिविर में महापौर विकास शर्मा का लोगों के बीच जाकर आत्मीयता से बातचीत करना भी चर्चा का विषय बना रहा। उन्होंने हर वर्ग के लोगों से सीधे संवाद किया, समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर का माहौल किसी सरकारी कार्यक्रम से अधिक जनसुनवाई और जनसहभागिता का प्रतीक नजर आया, जहां लोगों को यह महसूस हुआ कि उनकी समस्याएं अब केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि समाधान भी मिलेगा।
इस अवसर पर नगर आयुक्त श्रीमती शिप्रा जोशी पांडे, राजू नबियाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, सहायक नगर आयुक्त रणदीप सिंह, भाजपा नेत्री मीना शर्मा, वार्ड 23 पार्षद अंजलि कोली, वार्ड 22 पार्षद चंद्रसेन चंदा, वार्ड 24 पार्षद सोनी कोली, वार्ड 21 पार्षद गिरीश पाल, पार्षद एमपी मौर्य, पवन राणा, सौरभ गुप्ता, सोनू कोली, राजेश कोली, शुभम पाल, किशन कोली, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद


Spread the love