बकरीद पर सख्त व्यवस्था, खुले में कुर्बानी पर पूरी तरह रोकविशेष समिति करेगी निगरानी, हर कुर्बानी स्थल की होगी वीडियोग्राफीअवशेष और खून खुले में मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई! हाईकोर्ट के आदेशों के पालन को लेकर नगर निगम का बड़ा फैसला

Spread the love


हाईकोर्ट के आदेशों के पालन को लेकर नगर निगम का बड़ा फैसला
रुद्रपुर। रुद्रपुर में इस बार बकरीद को लेकर नगर निगम प्रशासन ने अब तक की सबसे सख्त व्यवस्था लागू की है। महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर पहली बार कुर्बानी की पूरी प्रक्रिया विशेष निगरानी समिति और वीडियोग्राफी के दायरे में रहेगी। खुले स्थानों, सार्वजनिक सड़कों, चौराहों और धार्मिक स्थलों के आसपास किसी भी प्रकार की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड

आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दरअसल, हाल ही में विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने महापौर से मुलाकात कर बकरीद के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर पशुबलि, नालियों में खून बहने और पशुओं के अवशेष खुले में फेंके जाने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग उठाई थी। संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं, स्वच्छता और कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को माननीय हाईकोर्ट के आदेशों और नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
पत्रकार वार्ता में महापौर विकास शर्मा ने स्पष्ट किया कि बकरीद के अवसर पर केवल अधिकृत स्लॉटर हाउस और निर्धारित स्थलों पर ही कुर्बानी दी जा सकेगी। गाय, बछड़ा अथवा अन्य प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह निषिद्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की ओर से प्रत्येक कुर्बानी स्थल पर स्थानीय नागरिकों की निगरानी समिति गठित की जाएगी। इन समितियों में न्यूनतम पांच और अधिकतम ग्यारह सदस्य होंगे, जिनमें कम से कम एक महिला सदस्य की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि नियमों के पालन की निगरानी सुनिश्चित हो सके।
नगर निगम ने साफ किया है कि किसी भी स्थिति में पशुओं का रक्त नालियों में नहीं बहाया जाएगा और न ही पशुओं के अवशेष खुले स्थानों पर फेंके जाएंगे। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर में सभी त्योहार सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और कानून के दायरे में मनाए जाएंगे। नगर निगम का उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करना नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता, शांति और न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहार शांतिपूर्ण और मर्यादित वातावरण में मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


Spread the love