बकरा ईद पर खुले में कुर्बानी बर्दाश्त नहीं, हिंदू भावनाएं आहत हुईं तो होगी कार्रवाई : विधायक शिव अरोरा

Spread the love


रुद्रपुर। बकरा ईद से पूर्व रुद्रपुर विधायक Shiv Arora ने हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ त्रिशूल चौक स्थित एसएसपी आवास पहुंचकर एसएसपी Ajay Ganpati से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने बकरा ईद के मौके पर खुले में कुर्बानी और सार्वजनिक स्थानों पर पशु अवशेष फेंके जाने की घटनाओं पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


विधायक शिव अरोरा ने एसएसपी को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि बकरा ईद त्योहार के नाम पर खुले में कुर्बानी कर हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने की अनुमति किसी भी सूरत में नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि केवल पंजीकृत और निर्धारित स्थानों पर ही कानून एवं नियमों के तहत कुर्बानी हो तथा उसके अवशेष सार्वजनिक स्थानों पर न फेंके जाएं।
उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में सुभाष कॉलोनी, इंद्रा कॉलोनी, खेड़ा, पहाड़गंज और भूतबंगला जैसे क्षेत्रों से खुले में कुर्बानी और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आती रही हैं। इस बार ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए प्रशासन को पहले से सतर्क रहना होगा। विधायक ने मांग की कि बकरा ईद के दिन डायल 112 पूरी तरह सक्रिय रहे और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
एसएसपी अजय गणपति ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न थानों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं और सभी समुदायों से कानून एवं नियमों का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई समस्या दिखाई देती है तो लोग धैर्य और संयम बनाए रखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बकरा ईद की आड़ में किसी को भी सौहार्द बिगाड़ने या हिंदू भावनाओं को आहत करने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार सभी के हैं और सभी को अपने त्योहार मनाने का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक रूप से खुले में कुर्बानी या अवशेष फेंकने जैसी घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान गो रक्षा दल के जिला महामंत्री राधे सनातनी, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, पार्षद निमित शर्मा, भाजपा महामंत्री सुनील यादव, राधेश शर्मा, मयंक कक्कड़, राज कोली, सन्नी पासवान और सौरभ राठौर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love