कर्णप्रयाग में तलवारबाजी की घटना में अपने साथियों की गिरफ्तारी से गुस्साए निहंगों का बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। निहंगों का 20 जून से रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे पर कब्जा बना हुआ है।

Spread the love

वे अपनी तीन मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। इस बीच गुरुद्वारे में तीसरे दिन निहंगों ने जमकर बवाल काटा और पथराव किया। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि एक निहंग को पुलिस ने दबोच लिया है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

जानकारी के अनुसार, खाना लेने के लिए दो निहंग गुरुद्वारे की छत से अपने हथियारों के साथ नीचे के परिसर में आए। एक खाना ले जाने का प्रयास कर रहा था जबकि दूसरा सुरक्षा में तलवार चलाने लगा। इस बीच पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खाना ले जा रहे निहंग को पकड़ लिया जबकि दूसरा निहंग सिख भागने में सफल रहा।

गुस्साए निहंगों ने छत से ईंट और पत्थर बरसाए

इस दौरान छत पर खड़े अन्य निहंगों ने ईंट और पत्थर की बरसात की, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि इस घटनाक्रम में किसी को चोट नहीं आई। वहीं गुरुद्वारे परिसर में पुलिस और आईटीबीपी तैनात है। चार निहंग अभी भी गुरुद्वारे की छत पर जमे हुए हैं। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी कि छत पर चढ़े तो गंभीर परिणाम होंगे।

गुरुद्वारे में तनावपूर्ण हालात, श्रद्धालु नहीं पहुंचे

उधर बीते तीन दिनों से निहंग घटनाक्रम के चलते नगरासू बाजार में भी सिख श्रद्धालु कम रूक रहे हैं। नगरासू गुरुद्वारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु लंगर लेने के लिए पहुंचते हैं,लेकिन पिछले कुछ दिनों से माहौल खराब होने के कारण लोग कम आ रहे हैं। सोमवार को गुरुद्वारे में श्रद्धालु नहीं पहुंचे।

सीएम धामी बोले- बिना भेदभाव कार्रवाई की जाएगी

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि नगरासू गुरुद्वारा में निहंगों के मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उत्तराखंड देवभूमि है। सभी धर्मों का सम्मान करना हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा है।

क्रॉस मुकदमा दर्ज

कर्णप्रयाग में बीते 16 जून को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के झगड़े में क्राॅस केस दर्ज हो गया है। पुलिस मुख्यालय में सिख पक्ष के लोग डीजीपी से मिले तो दोनों पक्षों की जांच को चमोली जिले से हरिद्वार ट्रांसफर कर दिया गया है। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के पर्यवेक्षण में आगे की जांच होगी।

सचिव गृह ने रिपोर्ट मांगी

नगरासू मामले में शासन ने पुलिस मुख्यालय से पूरे घटनाक्रम की व्यापक रिपोर्ट तलब की है। सचिव गृह शैलेश बगोली ने बताया कि पीएचक्यू से शुरुआत से लेकर अब तक के तथ्यों को जांच में शामिल करने को कहा गया है।


Spread the love