रुड़की। अशोक नगर में आगामी 6 अक्टूबर 2026 से होने वाली श्री रामलीला के भव्य मंचन को लेकर मंगलवार को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ हनुमान जी की पावन ध्वजा स्थापित की गई। इस अवसर पर राम भक्तों और रामलीला आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बैंड-बाजों की धुन के बीच निकली ध्वजा यात्रा के दौरान जय श्रीराम और हर-हर वीर बजरंगी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
ध्वजा यात्रा की शुरुआत विजयनगर, न्यू भारत कॉलोनी एवं भारत कॉलोनी में पंडित विक्रम कुलाश्री के आवास से हुई। बैंड-बाजों के साथ यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए अशोक नगर, शिव चौक और बूचड़ी फाटक के पास स्थित रामलीला मैदान पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह क्षेत्रवासियों ने राम भक्तों और ट्रस्ट पदाधिकारियों का स्वागत किया।
देवभूमि श्री राम धार्मिक एवं सांस्कृतिक ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं राम भक्तों ने उत्साहपूर्वक ध्वजा यात्रा में सहभागिता की। पंडित चंद्रमोहन कुलाश्री ने मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ हनुमान जी की पावन ध्वजा की स्थापना कराई।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
ट्रस्ट के अध्यक्ष अर्जुन सिंह तड़ियाल, संरक्षक राजेंद्र सिंह रावत एवं अध्यक्ष विक्रम कुलाश्री ने बताया कि नगर में 6 अक्टूबर से श्री रामलीला का भव्य मंचन शुरू किया जाएगा। इसी क्रम में मंगलवार को हनुमान जी की ध्वजा स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
नगर पंचायत ढंडेरा के अध्यक्ष सतीश सिंह नेगी ने ट्रस्ट के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी में अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं सनातन मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
ट्रस्ट के महासचिव जगदीश नेगी ने बताया कि पिछले 16 वर्षों से ट्रस्ट की ओर से नगर में रामलीला का मंचन कराया जा रहा है। पूर्व वर्षों में भारत कॉलोनी में रामलीला का आयोजन होता था, लेकिन इस वर्ष स्थान की समस्या के कारण अशोक नगर में बूचड़ी फाटक के पास स्थित मैदान में रामलीला का मंचन किया जा रहा है।
कार्यकारी अध्यक्ष दिगंबर सिंह नेगी, रामलीला संयोजक राजेंद्र सिंह रावत, निदेशक बलबीर सिंह रावत, सह-निदेशक हरेंद्र सिंह बिष्ट, राजेंद्र प्रसाद खंकरियाल एवं सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रामलीला के आयोजन में क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। रामलीला के मंचन को लेकर क्षेत्र में अभी से उत्साह और उमंग का माहौल है।
ये रहे मौजूद
ध्वजा स्थापना एवं यात्रा के अवसर पर अर्जुन सिंह तड़ियाल, बलबीर सिंह रावत, सतीश सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह रावत, जगदीश नेगी, हरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रेम सिंह राणा, दिगंबर सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह नेगी, दिनेश चंद पांडे, गोपाल सिंह, विक्रम कुलाक्षी, विनोद जखवाल, सुदर्शन डोबरियाल, आनंद सिंह रावत, मुकेश सिंह बिष्ट, चिंतामणि जखवाल, प्रियांशु, रितु, आयुष बिष्ट, अतुल रोथान, हरदीप राणा, रिया, मनीषा, सृष्टि, गरिमा, अक्षीत, लक्ष्मी गुसाईं, रंजना गैरोला, दीपा नेगी, सरोज भट्ट, उर्मिला सेमवाल, शशि नेगी, रजनी कुलाक्षी, मुन्नी तड़ियाल, सुनील नेगी, नरेंद्र गुसाईं, महादेव पांडे, कमलेश्वर प्रसाद, कुलाक्षी, चंद्र बल्लव बड़थ्वाल, मनोज बर्थवाल, खुशीराम बगवाल, मेघा सिंह चौहान, विमल बहुखंडी एवं नागेंद्र दुमागा सहित बड़ी संख्या में राम भक्त मौजूद रहे।
6 अक्टूबर से अशोक नगर, शिव चौक के समीप बूचड़ी फाटक स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला का मंचन शुरू होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में अभी से उत्साह बना हुआ है।
