रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, रुद्रपुर में गुरुवार को प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
कार्यशाला में चिकित्सा प्रकोष्ठ, शिक्षक प्रकोष्ठ, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, सेवा निवृत्त प्रकोष्ठ एवं लघु उद्योग प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भाजपा की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में प्रकोष्ठों की अहम भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और संगठन विस्तार के भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
कार्यशाला को भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कोस्तुवानंद जोशी, प्रदेश सह-संयोजक सचिन, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल तथा रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राहुल देव धंड, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी, सेवा निवृत्त प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेश चंद्र रमोला, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रदीप त्यागी तथा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट भी मौजूद रहे।
कार्यशाला में विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिका, आगामी कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा सेवा कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सभी प्रकोष्ठ समाज और संगठन के बीच एक मजबूत कड़ी का कार्य करते हैं तथा जनसेवा के माध्यम से पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक राजेश तिवारी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत और आभार व्यक्त किया। अंत में सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सेवा भाव के साथ समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
