इच्छुक उम्मीदवार तय समय के भीतर आवेदन करके परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. यह परीक्षा राज्य के सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में टीचर बनने की पात्रता प्रदान करती है. ऐसे में आवेदन की आखिरी तारीख, परीक्षा की तारीख और पूरी प्रक्रिया की जानकारी पहले से जान लेना जरूरी है.
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
3 अगस्त तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
UTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. जो उम्मीदवार कक्षा 1 से 8 तक टीचर बनने की पात्रता हासिल करना चाहते हैं, वे 3 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आखिरी तारीख के बाद किसी भी उम्मीदवार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी समय का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा कर लें.
कैसे करें UTET 2026 के लिए आवेदन?
UTET 2026 का आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा.
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ukutet.com पर जाएं.
2. इसके बाद ‘New Registration’ पर क्लिक करके अपना रजिस्ट्रेशन करें.
3. रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मिले यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करें.
4. अब आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी पर्सनल और एकेडमिक डिटेल सही-सही भरें.
5. जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद अपनी कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें.
6. अब अंत में फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंट या PDF अपने पास सेव कर लें.
दो पेपर होंगे, अपनी जरूरत के अनुसार करें चयन
UTET परीक्षा दो लेवल पर आयोजित की जाती है. पेपर-1 उन उम्मीदवारों के लिए है, जो कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाना चाहते हैं. वहीं पेपर-2 उन अभ्यर्थियों के लिए होता है, जो कक्षा 6 से 8 तक टीचर बनने के इच्छुक हैं. अगर कोई उम्मीदवार कक्षा 1 से 8 तक सभी कक्षाओं में पढ़ाने की पात्रता चाहता है, तो उसे दोनों पेपर पास करने होंगे.
कैसा होगा परीक्षा पैटर्न?
UTET 2026 में सभी प्रश्न MCQ टाइप के होंगे. परीक्षा में बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा, गणित, पर्यावरण अध्ययन, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों से सवाल पूछे जाएंगे. इस परीक्षा के जरिए उम्मीदवारों के विषय ज्ञान के साथ-साथ उनकी शिक्षण क्षमता का भी मूल्यांकन किया जाएगा.
29 सितंबर को होगी परीक्षा
UTET 2026 का आयोजन 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को किया जाएगा. पेपर-1 सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा. वहीं पेपर-2 दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा.
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
आवेदन शुल्क उम्मीदवार की कैटेगरी और चुने गए पेपर के आधार पर तय किया गया है. सामान्य और ओबीसी कैटेगरी के उम्मीदवारों को एक पेपर के लिए 600 रुपये और दोनों पेपर के लिए 1000 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए एक पेपर का शुल्क 300 रुपये और दोनों पेपर का शुल्क 500 रुपये रखा गया है. आवेदन शुल्क 6 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक जमा किया जा सकेगा.
8 अगस्त तक मिलेगा सुधार का मौका
अगर आवेदन फॉर्म भरते समय किसी प्रकार की गलती हो जाती है, तो उम्मीदवारों को घबराने की जरूरत नहीं है. बोर्ड ने 8 अगस्त 2026 तक आवेदन फॉर्म में सुधार करने का अवसर भी दिया है.
