गदरपुर/गुलरभोज, 18 जुलाई 2026। राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” कार्यक्रम के तहत शनिवार को नगर पंचायत गुलरभोज स्थित एएनके इंटर कॉलेज में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गदरपुर विधायक अरविंद पाण्डेय ने की। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अरविंद पाण्डेय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि पात्र व्यक्ति बिना किसी परेशानी के लाभ प्राप्त कर सकें।
शिविर में ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, जल निगम, जल संस्थान, विद्युत, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पशुपालन, उद्योग, कृषि, उद्यान, मत्स्य विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।
शिविर में कुल 413 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 319 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 8 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 8 बाल पोषण किट तथा 1 लाभार्थी को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने 66 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया तथा 39 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान की। आयुष विभाग ने 42 और होम्योपैथिक विभाग ने 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
पंचायतीराज विभाग ने 5 जन्म/मृत्यु पंजीकरण और 14 लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराई। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने 45 लोगों को निःशुल्क विधिक परामर्श दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
