रुद्रपुर,देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने राज्य सरकार से पारदर्शिता बरतने की मांग की है। यूकेडी नेताओं ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार को न्याय दिलाना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
यूकेडी ने सवाल उठाया कि सीबीआई जांच अब तक किस स्तर पर पहुंची है और जांच के दौरान कौन-कौन से महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। दल का कहना है कि जनता को जांच की वास्तविक स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए। यदि जांच के दौरान किसी प्रभावशाली व्यक्ति अथवा किसी बड़े षड्यंत्र से जुड़े तथ्य सामने आए हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
दल ने कहा कि अंकिता के माता-पिता लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में जांच की प्रगति को लेकर स्थिति स्पष्ट करना आवश्यक है। यूकेडी ने सरकार से मांग की कि सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति और अब तक सामने आए प्रमुख तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार के साथ प्रदेश की जनता का भरोसा भी कायम रहे।
यूकेडी नेताओं ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार के न्याय तक सीमित नहीं है। यह उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और प्रदेश की कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर सवाल है। सरकार को इस मामले में जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ना चाहिए तथा दोषियों को कठोर सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
