देहरादून। दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर दिए गए धरने के विरोध में बुधवार को उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी ने देहरादून में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय का घेराव किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा महानगर कार्यालय से कांग्रेस मुख्यालय तक विरोध मार्च निकाला और राहुल गांधी के प्रदर्शन को लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए इसे “राजनीतिक नौटंकी” करार दिया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर नारेबाजी की तथा कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर राहुल गांधी ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार के राजनीतिक प्रदर्शन कर रही है। भाजपा ने कहा कि प्रदेश भर में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के इस रवैये के खिलाफ विरोध जताया है।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस से जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की अपील की।
दूसरी ओर, कांग्रेस का कहना है कि केंद्र सरकार से जुड़े मुद्दों और जनता की समस्याओं को उठाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना विपक्ष का अधिकार है।
देहरादून में हुए इस प्रदर्शन के साथ उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर तेज हो गया है।
