किच्छा में राजेश प्रताप की बढ़त के बीच ठुकराल का भाजपा पर हमला, बोले—‘घमंड चूर-चूर होगा, 2027 में कांग्रेस की सरकार

’
किच्छा। नगर निकाय चुनाव की मतगणना के बीच पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। किच्छा नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह की बढ़त का हवाला देते हुए ठुकराल ने कहा कि जनता ने अपना मन बना लिया है और परिणाम कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में आ सकते हैं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड


ठुकराल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा घमंड में डूबी हुई है और आने वाले समय में यही घमंड चूर-चूर होगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी और ऊधम सिंह नगर की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
उन्होंने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्हें “बिन पियादी के लोटा, 800 में” बताते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे करने वाले नेताओं को जनता के बीच अपनी वास्तविक स्थिति का अहसास हो जाएगा।
पूर्व विधायक ने कहा कि जनता अब केवल नारों और राजनीतिक दावों से प्रभावित होने वाली नहीं है। मतदाताओं ने अपने मुद्दों और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर मतदान किया है। किच्छा में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के पक्ष में जिस तरह का रुझान दिखाई दे रहा है, वह भाजपा के लिए राजनीतिक चेतावनी है।
ठुकराल ने दावा किया कि किच्छा के साथ पूरे ऊधम सिंह नगर में राजनीतिक माहौल बदल रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए आसान नहीं होगा और जनता भाजपा के कथित अहंकार का जवाब चुनावी मैदान में देगी।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मतगणना पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है और वही फैसला सबसे बड़ा होता है।
राजेश प्रताप सिंह की बढ़त के बीच पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का यह बयान किच्छा की चुनावी राजनीति में नई गर्मी पैदा करने वाला माना जा रहा है। आगामी परिणाम यह तय करेंगे कि मतगणना के शुरुआती रुझान अंतिम नतीजे में बदलते हैं या नहीं।