रुद्रपुर में 23 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपीलविधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां शुरू, प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 7 बजे तक चलेगी एफएलसी प्रक्रिया


रुद्रपुर, 22 अक्टूबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत ऊधम सिंह नगर जनपद में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 23 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। यह जांच इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जाएगी।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर


जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक सामान्य निर्वाचन और उपनिर्वाचन में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच कराई जाती है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में केवल एफएलसी में प्रमाणित मशीनों का ही उपयोग किया जाता है।
उन्होंने बताया कि जनपद में विकास भवन के निकट स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम में यह प्रक्रिया 23 अक्टूबर से कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी। जांच का कार्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा। रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी एफएलसी की प्रक्रिया जारी रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुरूप जांच से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एफएलसी प्रक्रिया का अवलोकन करने के लिए अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को नामित करें और इस महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | रुद्रपुर