यूपीईएस के 24वें दीक्षांत समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, छह विद्यार्थियों को किया सम्मानित



बोले- विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की होगी अहम भूमिका, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के बिधौली स्थित यूपीईएस (यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज) के 24वें दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर


मुख्यमंत्री ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। विश्वविद्यालय से निकलने के बाद उन्हें जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करना होगा। इन चुनौतियों में सफल होने के लिए मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। युवाओं की प्रतिभा, मेहनत, नवाचार और कार्यक्षमता से भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यूपीईएस से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा एवं उपलब्धियों के माध्यम से उत्तराखंड सहित पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंध प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया और विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। इससे पता चलता है कि प्रदेश के युवा सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूक हैं तथा उनमें सकारात्मक सोच और रचनात्मक क्षमता है। जागरूक एवं प्रतिभाशाली युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
AI, डेटा साइंस और ग्रीन एनर्जी पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा साइंस, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल टेक्नोलॉजी का है। राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों के समन्वय को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। इसके साथ ही युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से देहरादून में साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।
युवाओं को नौकरी देने वाला बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार पाने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाला बनाना भी है। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप, नवाचार और इन्क्यूबेशन सेंटरों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि युवा नए विचारों को व्यावहारिक रूप देकर आगे बढ़ सकें।
पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का दावा
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नकल और भर्ती संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यार्थियों और अभिभावकों से किया संवाद
दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विद्यार्थियों और उनके परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें भविष्य में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आए अभिभावकों से भी आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी और उनके परिजन उत्साहित दिखाई दिए।
समारोह में यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, यूपीईएस के अध्यक्ष डॉ. राम के. शर्मा, कुलपति डॉ. सुनील राय, प्रो-वाइस चांसलर मनीष मदान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड