उन्होंने विपक्ष से कहा कि वह चर्चा की तारीख और समय तय करे क्योंकि सरकार का उद्देश्य पेपर लीक रोकने के लिए व्यवस्था को मजबूत करना है। नड्डा ने कहा कि विपक्ष जो भी बेहतर सुझाव देगा, सरकार उसे शामिल करेगी, क्योंकि छात्रों का भविष्य देश के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
सरकार के चर्चा प्रस्ताव के बावजूद विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है गुरुवार को भी संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा जारी है। जेपी नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे राजनीति का विषय नहीं होने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष समाधान निकालने के बजाय छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रहा है। सरकार ने साफ कर दिया है कि जंतर-मंतर या विपक्ष के दबाव में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं लिया जाएगा। बता दें कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर समेत देश के कई हिस्सों में उग्र प्रदर्शन हुए हैं।
NEET पेपर लीक को लेकर बुधवार को संसद में भी जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, विरोध जारी रहेगा। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि निष्पक्ष चर्चा के लिए पहले शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार पिछले कई दिनों से चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष बातचीत के बजाय हंगामा कर रहा है। जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई गई है।
