नवोदय स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, विद्यार्थियों की प्रतिभा ने बिखेरी चमक

Spread the love


रुद्रपुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रुद्रपुर (जनपद ऊधम सिंह नगर) में बुधवार को नवोदय विद्यालय समिति का स्थापना दिवस उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नवोदय की समृद्ध परंपरा, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने “तेरी जय नवोदय” समूहगान प्रस्तुत कर विद्यालय के प्रति अपने समर्पण और गौरव का भाव व्यक्त किया। समारोह में राग प्रस्तुति, पहाड़ी समूह नृत्य, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, प्रेरणादायी समूह गीत, “नवोदय जीवन की यादें” पर आधारित प्रस्तुति, माइग्रेशन छात्राओं का आकर्षक नृत्य, पहाड़ी एकल गीत, बाँसुरी वादन तथा समूह नृत्य ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया। प्रत्येक प्रस्तुति में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, अनुशासन, सांस्कृतिक चेतना और बहुमुखी प्रतिभा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार विद्यार्थी ने विद्यार्थियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के साथ अनुशासन, सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सीसीए प्रभारी अनुराग शर्मा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के समर्पण और सफल आयोजन के लिए उनका अभिनंदन किया।
समारोह के दौरान नवोदय विद्यालय की उस भावना को भी रेखांकित किया गया, जिसके अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय एकता का विकास किया जाता है। पूरे कार्यक्रम में “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की झलक दिखाई दी।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। स्थापना दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं स्मरणीय बन गया और नवोदय विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षिक परंपरा, श्रेष्ठ संस्कार तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान कर गया।


Spread the love