किच्छा। नगर पालिका परिषद किच्छा के चुनाव की मतगणना बुधवार को जारी है। दस टेबलों पर मतों की गिनती की जा रही है और शुरुआती रुझानों ने भाजपा खेमे में उत्साह बढ़ा दिया है। शाम तक सभी परिणाम सामने आने की संभावना है।
वार्ड नंबर-6 से भाजपा प्रत्याशी शिल्पी चौबे ने 180 वोटों से जीत दर्ज कर ली है। उनकी जीत के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल है।
अध्यक्ष पद की मतगणना में भी शुरुआती रुझानों में भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोरा ‘सोनू’ बढ़त बनाए हुए बताए जा रहे हैं। बढ़त के रुझान सामने आने के बाद भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया।
वहीं वार्ड नंबर-9 में भाजपा को 443 वोट, जबकि कांग्रेस को 199 वोट मिले हैं। दूसरी ओर वार्ड नंबर-13 में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है, जहां कांग्रेस को 291 वोट और भाजपा को 193 वोट मिले हैं।
मतगणना लगातार जारी है। प्रत्येक राउंड के साथ अध्यक्ष पद की तस्वीर और स्पष्ट होती जाएगी। अंतिम परिणाम घोषित होने तक मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | रुद्रपुर
ब्रेकिंग: किच्छा नगरपालिका मतगणना में भाजपा को बढ़त, वार्ड-6 से शिल्पी चौबे 180 वोट से विजयी
