मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

खटीमा में निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर जनता व जनप्रतिनिधियों से की मुलाकात

खटीमा, 19 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर आम जनता तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड | देश-दुनिया की खबरों पर नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही तय करना और जनता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सरकार की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री रंजीत सिंह नामधारी, संतोष गौरव, फरजाना बेगम, सुरेश कोली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, रनदीप पोखरिया, अमित पाण्डे, सतीश भट्ट और भवानी भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, अपर पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | अवतार सिंह बिष्ट | उत्तराखंड