पर्वतीय शैली की श्रीरामलीला का विधिवत समापन, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कलाकारों को किया सम्मानित

रुद्रपुर। भूरारानी स्थित हंस विहार में पर्वतीय समाज समिति की ओर से पर्वतीय शैली में आयोजित श्रीरामलीला मंचन का सोमवार रात विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रामलीला के कलाकारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पूर्व विधायक को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर

समारोह को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित रामलीला भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग है। रामलीला के माध्यम से समाज को सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ ही समाज में आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय समाज समिति की ओर से पर्वतीय शैली में श्रीरामलीला का आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कलाओं को संरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों, कलाकारों और सहयोगियों को शुभकामनाएं दीं।

समापन अवसर पर रामलीला मंचन में योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। आयोजन से जुड़े सदस्यों और सहयोगियों के प्रयासों की भी सराहना की गई।

इस अवसर पर गोपाल सिंह पटवाल, दिनेश पंत, ममता रानी, ललित बिष्ट, कल्याण सिंह परिहार, गिरीश चन्द्र जोशी, भूपेन्द्र सिंह करायत, हीराबल्लभ पाण्डे, संजय अधिकारी, मनोज पालीवाल, पीसी शर्मा, लीलाधर पाण्डे, कल्याण सिंह, नरेश चन्द्र, किरण सिंह बिष्ट, सुरेंद्र कपकोटी, शिवपाल सिंह भाकुनी और हरी सिंह अधिकारी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर