गांधी पार्क में ,3000 से भी कम कुर्सियों की व्यवस्था, आधी से अधिक खाली नजर आईं; महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोड़ा के बीच पुरानी खींचतान का असर भी चर्चा में
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर स्थित गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नजर नहीं आई। कार्यक्रम के लिए 2000 से भी कम कुर्सियां लगाई गई थीं, लेकिन इनमें से लगभग आधी कुर्सियां खाली रह गईं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खाली कुर्सियों का दृश्य राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।
कार्यक्रम में एक दिलचस्प नजारा यह भी देखने को मिला कि मंच पर बैठने के लिए नेताओं और पदाधिकारियों में उत्साह और होड़ दिखाई दी, लेकिन मंच तक पहुंचने वाले नेताओं के साथ जनसमर्थकों की भीड़ अपेक्षा के अनुरूप नजर नहीं आई। सवाल उठ रहा है कि नेताओं में मंच पर जगह पाने की होड़ तो है, लेकिन अपने साथ जनता और कार्यकर्ताओं की भीड़ लाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
भीड़ जुटाने और कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी स्थानीय संगठन तथा जनप्रतिनिधियों की मानी जा रही थी। ऐसे में महापौर विकास शर्मा की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में रही। गांधी पार्क में खाली कुर्सियों का नजारा आयोजन की तैयारियों और जनसंपर्क को लेकर सवाल खड़े करता नजर आया।
राजनीतिक चर्चाओं में महापौर विकास शर्मा और क्षेत्रीय विधायक शिव अरोड़ा के बीच पूर्व में सामने आई खींचतान को भी इस स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, खाली कुर्सियों के पीछे वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और संगठनात्मक तालमेल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम केवल मंचीय संबोधनों और नेताओं की मौजूदगी से सफल नहीं माना जाता। असली परीक्षा तब होती है जब जनप्रतिनिधि अपने साथ जनता का विश्वास और भागीदारी लेकर पहुंचते हैं। गांधी पार्क का खाली कुर्सियों वाला दृश्य स्थानीय राजनीति के लिए एक बड़ा सवाल छोड़ गया है—मंच पर बैठने की होड़ तो खूब है, लेकिन जनता को साथ लाने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | अवतार सिंह बिष्ट, उत्तराखंड देश-दुनिया की खबरों पर नजर
विधायक शिव अरोड़ा की छवि पर सकारात्मक असर, अन्य पदाधिकारियों की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल; विकास शर्मा और शिव अरोड़ा के बीच खींचतान की चर्चा
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर आगमन पर आयोजित कार्यक्रम में भीड़ उम्मीद से कहीं कम नजर आई। गांधी पार्क में लगी करीब 40 प्रतिशत कुर्सियां खाली रहीं, वहीं रोड शो में भी नाममात्र की भीड़ दिखाई दी। मीडिया के बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं होने से आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े हुए।
भाजपा के ही एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने के पीछे महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोड़ा के बीच कथित खींचतान भी एक कारण हो सकती है। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पूरे कार्यक्रम का आकलन पत्रकारिता की भाषा में करें तो स्थिति तनावपूर्ण जरूर थी, लेकिन नियंत्रण में रही। पुलिस और कुछ लोगों के बीच झड़प की खबरें भी सामने आईं। दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं को भी भाजपा की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का अवसर मिल गया।
इस पूरे आयोजन में विधायक शिव अरोड़ा की छवि पर सकारात्मक प्रभाव दिखाई दिया, जबकि अन्य पदाधिकारियों की भूमिका और भीड़ जुटाने की क्षमता पर सवाल उठे। मुख्यमंत्री धामी के चेहरे के भाव भी कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय बने। कुल मिलाकर कार्यक्रम संपन्न तो हो गया, लेकिन खाली कुर्सियों ने भाजपा के संगठनात्मक तालमेल और स्थानीय नेतृत्व के बीच समन्वय की वास्तविक स्थिति पर कई सवाल छोड़ दिए।
