रुद्रपुर। उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब अपने वाहनों के दस्तावेजों को लेकर अधिक सतर्क रहना होगा। अक्सर वाहन चालक सफर पर निकलने से पहले पेट्रोल और डीजल की जांच तो कर लेते हैं, लेकिन वाहन का इंश्योरेंस और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) एक्सपायर हुआ है या नहीं, इस पर ध्यान नहीं देते। अब ऐसी लापरवाही भारी पड़ सकती है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल प्लाजा पर हाईटेक व्यवस्था के माध्यम से वाहनों के इंश्योरेंस की वैधता जांचने की पहल शुरू की है।
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) स्थित मुंडका टोल प्लाजा पर इस व्यवस्था का पायलट प्रोजेक्ट के तहत परीक्षण किया जा रहा है। इसके सफल होने के बाद इसे देश के अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा तक विस्तारित करने की तैयारी है। ऐसे में उत्तराखंड से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी भविष्य में यह व्यवस्था लागू हो सकती है।
टोल प्लाजा पार करते ही मोबाइल पर आएगा SMS
नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर लगे कैमरे वाहन की नंबर प्लेट को स्कैन करेंगे। इसके बाद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के वाहन (VAHAN) डेटाबेस से जोड़ा जाएगा। ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए वाहन के इंश्योरेंस की वैधता की जांच होगी। यदि इंश्योरेंस की अवधि समाप्त हो चुकी है या वाहन का बीमा नहीं है तो वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS अलर्ट भेजा जाएगा। इसमें वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, टोल पार करने का समय और इंश्योरेंस की समाप्ति तिथि की जानकारी होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य वाहन मालिकों को समय रहते इंश्योरेंस रिन्यू कराने के लिए सतर्क करना है।
उत्तराखंड के टोल प्लाजा भी हो सकते हैं दायरे में
उत्तराखंड में दिल्ली-देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, नजीबाबाद, काशीपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी और नैनीताल की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रतिदिन हजारों वाहन आवागमन करते हैं। ऊधम सिंह नगर जिले में रुद्रपुर, काशीपुर, सितारगंज और खटीमा क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों पर भी भविष्य में इस व्यवस्था का असर पड़ सकता है। हालांकि फिलहाल इसका परीक्षण दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर ही किया जा रहा है। उत्तराखंड के टोल प्लाजा पर इसे लागू करने की आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।
बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना
मोटर वाहन अधिनियम की धारा 146 के तहत सार्वजनिक सड़कों पर वाहन चलाने के लिए वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य है। धारा 196 के तहत बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने पर पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये या वाहन के बेस प्रीमियम का तीन गुना, जो भी अधिक हो, जुर्माना लगाया जा सकता है। दोबारा उल्लंघन करने पर 10,000 रुपये या बेस प्रीमियम का पांच गुना, जो भी अधिक हो, जुर्माने का प्रावधान बताया गया है।
वाहन चालक इन दस्तावेजों की जरूर करें जांच
वाहन मालिक अपने वाहन का इंश्योरेंस, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC), रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता समय-समय पर जांचते रहें। साथ ही वाहन से जुड़े रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर सही रखें, ताकि सरकारी अलर्ट समय पर मिल सकें।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स की अपील: उत्तराखंड सहित देशभर के वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने से पहले अपने वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें। इंश्योरेंस केवल चालान से बचने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित पक्ष को आर्थिक सुरक्षा देने की महत्वपूर्ण व्यवस्था भी है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर

