उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही (समूह-ग) के 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

आयोग ने मंगलवार को भर्ती की अधिसूचना जारी करते हुए योग्य अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होगी और 25 दिसंबर 2026 तक चलेगी।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर

भर्ती में उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464, पीएसी-आइआरबी के 284, जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 और फायरमैन के 201 पद शामिल हैं। इसके अलावा वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर चयन किया जाएगा।

अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर 28 से 30 दिसंबर तक मिलेगा। अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड की प्रति व लागू आरक्षण श्रेणी और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाणपत्र भी अपलोड करने होंगे। लिखित परीक्षा चार अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है।

दो चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया

आयोग के अध्यक्ष जीएस मार्ताेलिया ने बताया कि वर्दीधारी सिपाही भर्ती में चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें सफल घोषित अभ्यर्थी ही दूसरे चरण में शामिल होंगे। दूसरे चरण में 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा होगी। यह परीक्षा आफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी।

शारीरिक दक्षता के यह हैं मानक

शारीरिक दक्षता परीक्षा में अभ्यर्थियों को निर्धारित शारीरिक मापदंड पूरे करने होंगे। इसमें लंबाई, सीने की माप (जहां लागू हो) तथा शारीरिक दक्षता से संबंधित परीक्षण शामिल होंगे। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित मानक अलग-अलग होंगे। इन मानकों का निर्धारण संबंधित भर्ती नियमावली के अनुसार किया जाएगा।

युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। अब तक विभिन्न विभागों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समयबद्ध तरीके से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। सरकारी सेवाओं में नियुक्तियों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। – पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री

Advertisement