गढ़वाल की संस्कृति, लोकपरंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतिबिंब है राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘ढोली’राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित पहली गढ़वाली फीचर फिल्म देश के प्रमुख सिनेमाघरों में प्रदर्शित, देहरादून में हुआ भव्य शुभारंभ


उत्तराखंड/देहरादून। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने वाली राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का देहरादून के सेंट्रियो मॉल स्थित सिनेमाघर में विधिवत शुभारंभ किया गया। 27 नवंबर से फिल्म देश के प्रमुख सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। इस उपलब्धि के साथ गढ़वाली सिनेमा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक नई पहचान स्थापित की है। उत्तराखंड के गढ़वाली सिनेमा के 43 वर्षों के इतिहास में पहली बार किसी फीचर फिल्म को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त हुआ है। ऐसे में ‘ढोली’ की सिनेमाघरों में दस्तक को उत्तराखंड की भाषा, संस्कृति और कला जगत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

अवतार सिंह बिष्ट हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तर प्रदेश, संपूर्ण भारत, देश-विदेश, खेल, आध्यात्मिक, राजनीतिक और जनसरोकारों की खबरों पर नजर।


फिल्म के शुभारंभ अवसर पर फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने कहा कि पहाड़ में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए ‘ढोली’ जैसी सार्थक फिल्मों का निर्माण लगातार होना चाहिए। फिल्म का संदेश बेहद प्रभावशाली और स्पष्ट है, जो दर्शकों को सामाजिक बदलाव के लिए सोचने को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए सम्मान की बात है। ढोल हमारी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन समाज में ढोल वादकों को अपेक्षित सम्मान और पारिश्रमिक नहीं मिल पाया। इस पारंपरिक कला के संरक्षण के साथ ढोल वादकों को सामाजिक प्रतिष्ठा देना भी आवश्यक है।
गढ़वाल सभा के प्रवक्ता एवं संस्कृतिकर्मी अजय जोशी ने कहा कि फिल्म का मूल विषय सामाजिक समरसता है, जिसकी वर्तमान समय में समाज और देश दोनों को अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल उत्तराखंड के लोगों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि देशभर के दर्शकों को इसे देखना चाहिए। फिल्म ने उन्हें भावुक कर दिया।
गढ़वाल सभा के अध्यक्ष रोशन धस्माना ने फिल्म की सशक्त पटकथा और उत्कृष्ट निर्देशन की सराहना की। साहित्यकार मदन डुकलान ने कहा कि ‘ढोली’ ने राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर उत्तराखंडी सिनेमा के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। संस्कृति प्रेमी एवं उद्यमी नरेंद्र रौथाण ने फिल्म को उत्तराखंड की आत्मा बताते हुए कहा कि भाषा और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में इसका संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अमित वी. कपूर ने दर्शकों से अपील की कि यदि वे गढ़वाल की संस्कृति, परंपराओं और वास्तविक सामाजिक जीवन को समझना चाहते हैं तो इस फिल्म को अवश्य देखें। रंगकर्मी कुलानंद घनशाला ने कहा कि फिल्म में जाति-पाति और सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों पर प्रहार किया गया है। वहीं प्रो. दर्शन सिंह नेगी ने ‘ढोली’ को पहाड़ की लोकसंस्कृति, सामाजिक विडंबनाओं और मानवीय गरिमा का संवेदनशील आख्यान बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म दर्शकों को अपनी सामाजिक सोच और परंपराओं में मौजूद असमानताओं पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित करती है।
गढ़वाली फिल्मों के निर्देशक कांता प्रसाद ने फिल्म के कलाकारों के अभिनय, कहानी और निर्देशन की सराहना करते हुए उत्तराखंड फिल्म जगत से जुड़े निर्माताओं, निर्देशकों और कलाकारों से सिनेमाघरों में पहुंचकर फिल्म देखने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि गढ़वाली भाषा की फिल्म ‘ढोली’ को प्रतिष्ठित 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त हुआ है। फिल्म का निर्माण सुनील नायक ने किया है, जबकि हिंदी और मराठी फिल्मों के जाने-माने निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने इसका निर्देशन किया है। फिल्म का संगीत गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने दिया है तथा कहानी और गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं। फिल्म में उत्तराखंड की लोकपरंपराओं, ढोल वादन की सांस्कृतिक महत्ता और सामाजिक समरसता का प्रभावशाली चित्रण किया गया है।
इस अवसर पर गढ़वाल सभा के महासचिव गजेंद्र भंडारी, वीरेंद्र असवाल, फिल्म निर्देशक प्रदीप भंडारी, गोकुल पंवार, आशु चौहान, जे.एस. थापा, राजेश जोशी, बृज रावत, संजय चमोली, वरिष्ठ रंगकर्मी अवि नंदा, उदित पांडे, पंडित सुशांत राज, लक्की सिंह और कृपा राम नौटियाल सहित उत्तराखंड फिल्म उद्योग से जुड़े अनेक निर्माता, निर्देशक, कलाकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
फिल्म के गीतकार एवं कहानी लेखक डॉ. नंद किशोर हटवाल, अभिनेता एवं आर्ट डायरेक्टर अतुल विश्नोई, अभिनेता रमेश नौड़ियाल, सतीश धौलाखंडी, गायत्री टम्टा, सोनिया गैरोला, ऋषभ, तन्मय, पंकज डंगवाल और अतुल रावत भी उपस्थित रहे। टीम ‘ढोली’ ने दर्शकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं पर खुशी जताते हुए मीडिया प्रतिनिधियों, कला-संस्कृति से जुड़े लोगों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
‘ढोली’ केवल मनोरंजन के लिए बनी फिल्म नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोककलाकारों के सम्मान और सामाजिक समानता का संदेश देने वाली ऐसी सिनेमाई प्रस्तुति है, जिसने गढ़वाली भाषा और सिनेमा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

Advertisement