rudrpur,छठ पूजा में खरना का दिन बेहद महत्वपूर्ण होता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में इसी दिन से व्रत का कठिन दौर शुरू होता है। सुबह से उपवास रखने के बाद व्रती शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करते हैं।

इस दौरान गुड़ की खीर, रोटी और फलों का भोग तैयार किया जाता है। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरना के दिन कुछ खास नियमों का पालन करना जरूरी माना जाता है। आइए जानते हैं कि इस दिन कौन-से काम करने चाहिए और किन बातों से परहेज करना चाहिए।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर

खरना की पूजा में क्या करें?

खरना के दिन सुबह उठकर घर की सफाई करें। खासतौर पर उस जगह को अच्छी तरह साफ रखें, जहां पूजा होगी और प्रसाद बनाया जाएगा। छठ पर्व में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष महत्व माना जाता है। व्रती को सुबह स्नान करने के बाद साफ कपड़े पहनने चाहिए। पूरे दिन श्रद्धा और नियमों के साथ उपवास रखें। शाम को पूजा से पहले दोबारा स्नान करके स्वच्छ वस्त्र पहनें। खरना के दिन गुड़ की खीर और रोटी बनाने की परंपरा है। कई परिवारों में प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से तैयार किया जाता है। इसे बनाते समय बर्तनों और रसोई की सफाई का पूरा ध्यान रखें।

सूर्य और छठी मैया की पूजा करें

शाम को दीपक जलाकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करें। खीर, रोटी और मौसमी फलों का भोग लगाएं। पूजा पूरी होने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करें। इसके बाद इसे परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों में बांटें। पूजा के समय मन शांत रखें और किसी से बहस या विवाद न करें।

खरना की पूजा में क्या न करें?

प्रसाद बनाने में लापरवाही न करें। गंदे बर्तनों या अशुद्ध जगह पर प्रसाद तैयार करने से बचें। रसोई और आसपास की जगह साफ रखें। परंपरा के अनुसार, खरना का प्रसाद छठी मैया को भोग लगाने से पहले नहीं चखना चाहिए। भोग के बाद ही व्रती इसे ग्रहण करते हैं। इसके साथ ही उपवास के दौरान नियमों का ध्यान रखें। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर जबरदस्ती निर्जला व्रत रखने से बचना चाहिए। इस दिन अपशब्द बोलने, झगड़ा करने और गुस्सा करने से बचें। प्रसाद को श्रद्धा से ग्रहण करें। इसे फेंकना या उसका अनादर करना उचित नहीं माना जाता। प्रसाद को सम्मान के साथ दूसरों में बांटना चाहिए।

खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत

खरना की पूजा के बाद व्रती करीब 36 घंटे तक अन्न और जल ग्रहण नहीं करते। तीसरे दिन शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाता है। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन होता है।✧ धार्मिक और अध्यात्मिक

Advertisement