हल्द्वानी में भाजपा का मिशन-2027 महामंथन, कांग्रेस की चार्जशीट की तैयारी; कुल्हाड़ी हत्याकांड में फरार भतीजे की तलाश, बैंक हड़ताल से तीन दिन सेवाएं प्रभावित और सैनिक सम्मेलन में जुटेंगे 5 हजार पूर्व सैनिकभाजपा के महामंथन में मिशन-2027 पर मंथन, विपक्ष को जवाब देने की बनेगी रणनीति

Spread the love


भाजपा के महामंथन में मिशन-2027 पर मंथन, विपक्ष को जवाब देने की बनेगी रणनीति
हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा का राजनीतिक महामंथन बुधवार से हल्द्वानी में शुरू होगा। प्रदेश भाजपा की नई टीम की पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मिशन-2027 केंद्र में रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशन में होने वाली इस बैठक में आगामी चुनाव की कार्ययोजना, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और विपक्ष के हमलों का राजनीतिक जवाब तैयार करने पर चर्चा होगी। साथ ही विकसित उत्तराखंड के रोडमैप पर भी विचार किया जाएगा।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार नौ सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन बैंक्वेट हाल में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेशभर से आए 597 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद सामने आए कथित शुद्धीकरण विवाद की राजनीतिक गूंज के बीच भाजपा की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भाजपा संगठन इस मुद्दे सहित विपक्ष के अन्य हमलों का जवाब देने के लिए अपनी रणनीति को धार देगा।
बैठक के बाद बुधवार शाम रामपुर रोड स्थित होटल में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में कोर कमेटी और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी चुनाव और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
10 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कार्यक्रम भी व्यस्त रहेगा। सुबह 10 बजे अमरदीप होटल में वह जेन जी से संवाद करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे नैनीताल रोड स्थित वाटिका बैंक्वेट हाल में पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर तीन बजे रुद्रपुर में सिख गौरव सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। भाजपा के लिए हल्द्वानी से रुद्रपुर तक होने वाले ये कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
कांग्रेस 15 दिन में बनाएगी नई कार्यकारिणी, सरकार के खिलाफ तैयार होगा आरोप पत्र
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने भी संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी की बैठक में नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन 15 दिन के भीतर करने का संकेत दिया गया है। साथ ही प्रदेश सरकार के कामकाज को लेकर विस्तृत चार्जशीट तैयार करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
कांग्रेस का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। पार्टी नेताओं का मानना है कि चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संगठनात्मक ढांचे को जल्द सक्रिय करना जरूरी है। नई कार्यकारिणी में विभिन्न क्षेत्रों और संगठनात्मक स्तरों पर नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपे जाने की तैयारी है।
सरकार के खिलाफ प्रस्तावित चार्जशीट में बेरोजगारी, महंगाई, विकास कार्य, कानून व्यवस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दिए जाने की संभावना है। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है।
इस कवायद से साफ है कि दोनों प्रमुख दल चुनावी मोड में आ चुके हैं। भाजपा जहां मिशन-2027 के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति तैयार कर रही है, वहीं कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुद्दों को एकजुट कर चुनावी अभियान का आधार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या, 24 घंटे बाद भी भतीजे का सुराग नहीं
पुरोला। मोरी विकासखंड के बरी गांव के दांताधार तोक में चाचा की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या करने के बाद फरार हुए भतीजे का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को करम चंद और उसके भतीजे सुमन चंद के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि सुमन चंद ने कुल्हाड़ी से पहले चाचा के हाथों पर वार किया और बाद में गर्दन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार अब तक पूछताछ में दोनों परिवारों के बीच जमीन विवाद, पारिवारिक विवाद अथवा पुरानी रंजिश जैसी कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की गई है।
घटनास्थल मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 62 किलोमीटर दूर है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते पुलिस को शव मोरी लाने में काफी समय लगा। मंगलवार सुबह शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेजा गया।
मृतक की पत्नी विरमा देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मोरी थानाध्यक्ष दीपक रावत के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के कारणों की पड़ताल के लिए पुलिस टीम बरी गांव और दांताधार क्षेत्र में भेजी गई है।
11 सितंबर को बैंक हड़ताल, लगातार तीन दिन प्रभावित रहेंगी बैंकिंग सेवाएं
देहरादून। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की अपील पर 11 सितंबर को देशभर के बैंक कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। मंगलवार को बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर ऑल इंडिया डिमांड्स डे मनाया।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू करना और पीएलआई योजना वापस लेना शामिल है। यूनियनों ने चेतावनी दी है कि 11 सितंबर की हड़ताल के बाद भी मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया गया है।
अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ के सहायक महासचिव चंदन बिष्ट ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
11 सितंबर को हड़ताल के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में सरकारी बैंकों में लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति बनेगी। निजी बैंकों पर इसका असर अपेक्षाकृत सीमित रहने का अनुमान है।
हल्द्वानी में सैनिक सम्मेलन, पांच हजार पूर्व सैनिकों के पहुंचने का लक्ष्य
हल्द्वानी। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के सम्मान तथा आपसी मिलन के उद्देश्य से 10 सितंबर को भव्य सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। वाटिका गार्डन में सुबह 11 बजे से होने वाले सम्मेलन में करीब पांच हजार पूर्व सैनिकों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
उपनल कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में वीरता पदक प्राप्त पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की गई है। बलिदानी सैनिकों की विधवाओं को मिलने वाली बलिदानी अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है।
बलिदानी सैनिक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था भी लागू है। मंत्री के अनुसार अब तक 28 बलिदानियों के परिवारों के सदस्यों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि देश के प्रथम राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रथम सीडीएस स्वर्गीय बिपिन रावत और द्वितीय सीडीएस अनिल चौहान जैसे सैन्य क्षेत्र के शीर्ष पदों पर पहुंचे व्यक्तित्व प्रदेश से जुड़े हैं। सैनिक सम्मेलन के जरिए पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के साथ संवाद तथा उनके सम्मान को प्रमुखता दी जाएगी।


Spread the love