अभिषेक शर्मा ने T20 क्रिकेट में इतिहास रचा है. उन्होंने सबसे तेज शतक के भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. बाएं हाथ के ओपनर ने ये कमाल सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ किया.

पंजाब की ओर से खेलते हुए अभिषेक ने अपना शतक सिर्फ 28 गेंदों पर पूरा किया. इस तरह उन्होंने गुजरात के बल्लेबाज उरविल पटेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.

उरविल पटेल की अभिषेक शर्मा ने की बराबरी

गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उरविल पटेल ने 27 नवंबर को सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी में ही खेले मैच में 28 गेंदों में शतक ठोक नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया था. अब अभिषेक शर्मा ने भी उनकी बराबरी कर ली है. अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक की बदौलत पंजाब की टीम ने मेघालय के खिलाफ मुकाबला बड़ी आसानी से 7 विकेट से जीत लिया.

29 गेंदों में अभिषेक ने ठोके नाबाद 106 रन

मेघालय से मिले 20 ओवर में 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों पर 106 रन की नाबाद पारी खेली. 365.52 की स्ट्राइक रेट से अभिषेक शर्मा ने अपनी इनिंग में 11 छक्के और 8 चौके लगाए. इसी पारी के दौरान अभिषेक ने 28वीं गेंद पर अपना शतक पूरा किया.

अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक की बदौलत पंजाब की टीम ने मेघालय के खिलाफ मुकाबला 10 ओवर के अंदर 7 विकेट से जीत लिया. पंजाब ने 9.3 ओवर में ही 3 विकेट खोकर 144 रन बना लिए थे.