मंडी में बारिश से भीग रहा किसानों का अनाज, तत्काल तौल कराने की मांगपूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया को सौंपा ज्ञापन, अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह


रुद्रपुर। बेमौसमी बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के बीच मंडी परिसर में तौल के इंतजार में रखा अनाज भी बारिश की चपेट में आकर खराब होने की आशंका है। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मंडी परिसर में रखे किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने की मांग की।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बीते दिनों हुई बेमौसमी बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है। बारिश से प्रभावित किसानों को फसल क्षति के अनुरूप मुआवजा देने की घोषणा के क्रम में प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड | देश-दुनिया की खबरों पर नजर


उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने फसल कटाई के बाद अपना अनाज मंडी परिसर में पहुंचा दिया है, उनकी तौल नहीं होने से परेशानी बढ़ रही है। लगातार बारिश के कारण अनाज खराब होने का खतरा बना हुआ है। यदि समय रहते तौल नहीं हुई तो किसानों को दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ सकती है। एक ओर पहले ही बारिश ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है, वहीं दूसरी ओर मंडी में रखे अनाज की सुरक्षा और तौल में देरी उनकी चिंता बढ़ा रही है।
राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर मंडी परिसर में रखे किसानों के अनाज की तौल सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने दिया तत्काल कार्रवाई का आश्वासन
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मंडी परिसर में पहुंचे किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा, ताकि बारिश के कारण किसानों को और नुकसान न उठाना पड़े।
अब किसानों को तौल शुरू होने का इंतजार
मंडी परिसर में रखे अनाज की समय पर तौल होना किसानों के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे में प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई करेगा और बारिश के कारण उनकी मेहनत की कमाई को बर्बाद होने से बचाया जा सकेगा।