

द्वाराहाट (अल्मोड़ा): उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) एवं राज्य आंदोलनकारियों ने सोमवार को द्वाराहाट में प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर एकजुट होकर आवाज बुलंद की। प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के प्रतिनिधि हिमांशु पुरोहित के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

प्रिंट मीडिया, शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स/संपादक उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)संवाददाता]
ज्ञापन में क्षेत्रीय व राज्यस्तरीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए यूकेडी के युवा नेता आशीष नेगी एवं आशुतोष नेगी पर दर्ज फर्जी मुकदमों को निरस्त कर बिना शर्त तत्काल रिहाई की मांग की गई। साथ ही राज्य की स्थायी राजधानी गैरसैंण को घोषित करने, 1950 की मूल निवास नीति लागू करने तथा आगामी परिसीमन को भूगोल आधारित रखने की मांग को भी प्रमुखता दी गई।
सार्वजनिक परिवहन व पेयजल समस्याओं पर फोकस
ज्ञापन में रानीखेत डिपो से असगोली-Delhi के बीच उत्तराखंड परिवहन निगम की बस सेवा शुरू करने की मांग की गई है। साथ ही द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र की पक्की सड़कों पर नियमित परिवहन सेवाएं संचालित करने का भी आग्रह किया गया।
कुमायूं इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए बनी पेयजल योजना से आसपास के गांवों को समुचित जलापूर्ति न होने पर चिंता जताते हुए, जल विभाग से पंपिंग क्षमता बढ़ाने की मांग की गई।
मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता
ज्ञापन में बंदरों, सिरों और आवारा जानवरों से हो रहे जनजीवन के संकट को लेकर समाधान के ठोस उपाय किए जाने की मांग भी की गई। साथ ही विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर भी जोर दिया गया।
प्रमुख लोग रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में यूकेडी के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह रौतेला, केंद्रीय प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह बजेठा, गोविंद सिंह ऐरन, मनोहर सिंह अधिकारी, वसंत बल्लभ मैनाली, प्रकाश जोशी, गोविंद बल्लभ फुलारा, रमेश आर्य, नवीन सिंह मेहरा सहित दर्जनों कार्यकर्ता और पहाड़ समर्थक मौजूद रहे।




