पुलिस ने हिंसा से जुड़ी कई तस्वीरें मीडिया से साझा करते हुए बताया कि CJP प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में FRS से 2,873 बदमाशों की पहचान की गई है. साथ ही अब फुटेज में नजर आए मास्क मैन की कुंडली निकाली जा रही है.
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
मास्क पहनकर उपद्रव करने वालों पर दिल्ली पुलिस की नजर
दिल्ली पुलिस ने बताया कि टीम उन सब वीडियो की जांच कर रही है, जिसमें चेहरे पर मास्क पहने लोग उपद्रव करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है चेहरा ढके बदमाश पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं. तकरीबन 400 CCTV कैमरों से दिल्ली पुलिस मास्क पहने उपद्रवियों का सीक्वेंस तैयार कर रही है.
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल कुछ लोग हाईटेक फेस मास्क और सेफ्टी गॉगल्स पहनकर पहुंचे थे. गीले जूट के बैग के इस्तेमाल की भी पुलिस जांच कर रही है. दिल्ली पुलिस अब उपद्रवियों के खिलाफ डिजिटल सबूत जुटा रही है.
प्रदर्शन के दौरान अलग-अलग जगहों के CCTV फुटेज
- 20 जुलाई, रायसीना रोड (प्रेस क्लब के पीछे): प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ते हुए दिखाई देते हैं.
- 20 जुलाई, संसद मार्ग: बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ती भीड़ और कई जगह पथराव के दृश्य दिखाई देते हैं.
- 20 जुलाई, जनपथ: पुलिस पर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़ और एक पुलिस वाहन के अंदर बैठे पुलिसकर्मी के बावजूद वाहन को नुकसान पहुंचाने और पलटने की कोशिश के दृश्य सामने आए हैं.
- 20 जुलाई, रजिस्ट्रार सोसायटी कार्यालय, संसद मार्ग: पथराव और कार्यालय का सामान बाहर फेंकते हुए लोग दिखाई देते हैं.
- 20 जुलाई, कनॉट प्लेस: पुलिस के अनुसार, कई जगह गाड़ियों में तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव और क्षतिग्रस्त बसों के दृश्य रिकॉर्ड हुए हैं.
- 20 जुलाई, रीगल सिनेमा, कनॉट प्लेस: पथराव की घटनाएं CCTV में दिखाई देने का दावा किया गया है.
- 20 जुलाई, टॉलस्टॉय मार्ग: एक वाहन में आग लगाने और बस की हवा निकालने के दृश्य सामने आए हैं.
- 20 जुलाई, जंतर-मंतर: पथराव और आग लगाने के लिए कथित तौर पर उकसाने वाली आवाजें रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है.
पुलिसकर्मियों पर हमले
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कई वीडियो में पुलिसकर्मियों पर सीधे हमले दिखाई देते हैं. एक घायल महिला पुलिसकर्मी को मौके से ले जाते हुए, संसद मार्ग पर एक पुलिसकर्मी को घेरकर पीटते हुए भी उपद्रवी दिख रहे हैं. अब पुलिस इन सभी को खंगालते हुए प्रदर्शनाकारियों के बीच से उपद्रवियों की तलाश कर रही है.
