किच्छा-सिरौलीकला निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, 87 पोलिंग पार्टियों में 348 कार्मिक तैनात

Spread the love


रुद्रपुर। नगर पालिका परिषद किच्छा एवं नगर पालिका परिषद सिरौलीकला के मतदान और मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचस्थानीय) नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में मतदान एवं मतगणना कार्मिकों का प्रथम एवं द्वितीय रेंडमाइजेशन किया गया।
किच्छा नगर पालिका क्षेत्र में मतदान के लिए 56 बूथ बनाए गए हैं, जबकि सिरौलीकला में 13 बूथ निर्धारित किए गए हैं। दोनों निकायों में रिजर्व कार्मिकों सहित कुल 87 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। इन पोलिंग पार्टियों में 348 मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


मतगणना के लिए भी प्रशासन ने कार्मिकों और टेबल की व्यवस्था तय कर ली है। किच्छा में मतगणना के लिए 20 टेबल तथा सिरौलीकला में चार टेबल लगाए जाएंगे। दोनों निकायों की मतगणना प्रक्रिया के लिए कुल 120 मतगणना कार्मिक तैनात किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण 15 सितम्बर को पंतनगर विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में आयोजित किया जाएगा। मतगणना कार्मिकों को 16 सितम्बर को इसी स्थान पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान एवं मतगणना संबंधी दायित्वों की जानकारी दी जाएगी।
रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के दौरान अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, जिला विकास अधिकारी एवं नोडल कार्मिक गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं सहायक नोडल कार्मिक हरेन्द्र मिश्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमन्त मौर्य तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय शेखर चन्द्र पाण्डे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love