रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने रुद्रपुर कोतवाली में दी तहरीर, मुकदमे की मांग

Spread the love



रुद्रपुर। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


कांग्रेस नेताओं की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। कांग्रेस का आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडे और करीब 15 अन्य लोगों ने मैदान में यज्ञ एवं गंगाजल का छिड़काव कर कथित रूप से शुद्धिकरण किया।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अनुसूचित जाति समाज के सार्वजनिक अपमान से जोड़ते हुए इसे संविधान में निहित समानता और सामाजिक समरसता की भावना के विपरीत बताया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सार्वजनिक स्थल पर कथित शुद्धिकरण की कार्रवाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने से अनुसूचित जाति सहित सामाजिक समानता में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुईं।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि इस कृत्य से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के प्रति घृणा, वैमनस्य अथवा शत्रुता की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास हुआ। कांग्रेस ने मामले को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय बताते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा 13 अगस्त को राज्यसभा में उठाए गए मामले का भी तहरीर में उल्लेख किया। इसके साथ ही भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के कथित बयानों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने कहा कि इस प्रकरण को लेकर भाजपा नेताओं के अलग-अलग बयानों से राजनीतिक विवाद और गहरा हुआ है।
कांग्रेस ने हल्द्वानी पुलिस पर मामले में कथित रूप से कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए रुद्रपुर पुलिस से तत्काल मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
तहरीर देने वालों में सतीश कुमार, राहुल प्रजापति, दिनेश कोली, संदीप चीमा, योगेश चौहान, पार्षद चिराग कालरा, पार्षद शुभम दास, ओमपाल सिंह, ज्योति टम्टा, कुंदन टम्टा, ज्योति आर्य, अबरार, मोहन कुमार, रंजीत तिवारी, निहाल, राकेश कोली, सरोज रानी, निसार अहमद, उमा सरकार, राजू गुप्ता, विकास मलिक, संजीव नंदी, आशीत बाला, अशोक मंडल, ललित बिष्ट और सुनील चुघ सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love