उत्तराखंड भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव VIP दुष्यंत गौतम की विदाई, राम माधव को उत्तराखंड की कमान—भाजपा ने यूकेडी कांग्रेस के हाथ से छीना बड़ा राजनीतिक मुद्दा

Spread the love


राम माधव को उत्तराखंड भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। लंबे समय से प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे दुष्यंत कुमार गौतम की विदाई हो गई है। भाजपा ने बुधवार को कई राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों में बदलाव किया। उत्तराखंड में राम माधव के साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


दुष्यंत गौतम करीब छह वर्षों तक उत्तराखंड भाजपा के प्रभारी रहे। उनके कार्यकाल को लेकर समय-समय पर प्रदेश संगठन के भीतर और बाहर सवाल तथा राजनीतिक विवाद सामने आते रहे। ऐसे में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का यह बदलाव उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा ने यूकेडी कांग्रेस के हाथ से छीना मुद्दा?
दुष्यंत गौतम को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर निशाना साधती रही थी। अब गौतम को प्रभारी पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस के लिए उनके खिलाफ लगाए जाने वाले राजनीतिक हमलों का एक प्रमुख आधार कमजोर पड़ सकता है। यही वजह है कि भाजपा का यह फैसला केवल संगठनात्मक फेरबदल नहीं, बल्कि राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
राम माधव की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। भाजपा नेतृत्व ने संगठन को चुनावी दृष्टि से पुनर्गठित करने की दिशा में यह कदम उठाया है। हालांकि, नई नियुक्ति का वास्तविक राजनीतिक प्रभाव आने वाले महीनों में संगठन की गतिविधियों और चुनावी रणनीति से स्पष्ट होगा। 

राजनीतिक विश्लेषण:
भाजपा ने दुष्यंत गौतम को हटाकर कांग्रेस यूकेडी के एक लंबे समय से इस्तेमाल किए जा रहे राजनीतिक मुद्दे को ही बदल दिया है। अब विपक्ष का फोकस नए प्रभारी राम माधव और उनके नेतृत्व में भाजपा की आगामी रणनीति पर होगा। सवाल यह है कि राम माधव उत्तराखंड में संगठन को किस दिशा में ले जाते हैं और 2027 के लिए भाजपा की रणनीति में क्या बदलाव दिखाई देता है।


Spread the love