रुद्रपुर। उत्तराखंड में मौसम की मार और बढ़ते सड़क हादसों का सिलसिला गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। सोमवार को देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र दौर की आशंका है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक सड़क हादसों और प्राकृतिक आपदाओं में कुल 289 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें सड़क दुर्घटनाओं में 246 लोगों की मौत हुई है, जबकि 878 लोग घायल और नौ लोग लापता बताए गए हैं। प्राकृतिक आपदाओं में 43 लोगों की मृत्यु, 46 लोगों के घायल होने और एक व्यक्ति के लापता होने की जानकारी है। आपदा में 826 पशुओं की मौत तथा 1200 से अधिक मकानों के क्षतिग्रस्त होने का आंकड़ा भी सामने आया है।
बारिश के कारण दून-मसूरी मार्ग पर मैगी प्वाइंट के पास पहाड़ी दरकने से मलबा, पेड़ और बोल्डर सड़क किनारे आ गिरे। मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर छोटे वाहनों को ही अनुमति दी जा रही है। ग्लोगी, हनुमान मंदिर और पानी वाला बैंड क्षेत्र में भी भूस्खलन और पुश्ते गिरने की घटनाओं से खतरा बना हुआ है।
नैनीताल में घरेलू विवाद ने उजाड़ा परिवार
मौसम की आफत के बीच नैनीताल जिले के ओखलकांडा के खनस्यूं से सामने आई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। घरेलू विवाद के बाद 38 वर्षीय भीम सिंह ने कथित तौर पर अपनी 35 वर्षीय पत्नी डिकरी देवी पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
घटना के बाद चार मासूम बच्चे मां के शव के पास सहमे रहे। बच्चों को काफी देर तक मां के सोने का भ्रम रहा। बाद में शव से दुर्गंध आने पर घटना का पता चला। सबसे बड़े 10 वर्षीय बेटे राजू ने पड़ोसियों को जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना की जानकारी देने पर बच्चे को धमकी भी दी थी।
पुलिस ने मौके से कथित हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया है और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी एसटीएच भेजा गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में स्थानीय क्षेत्र के साथ हल्द्वानी और अन्य शहरों में दबिश दे रही है।
एक ओर प्रदेश प्राकृतिक आपदाओं, भूस्खलन और सड़क हादसों से जूझ रहा है, दूसरी ओर घरेलू हिंसा की इस दर्दनाक घटना ने सामाजिक सुरक्षा और परिवारों के भीतर बढ़ते तनाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार बच्चों के सिर से मां का साया उठना इस घटना की सबसे बड़ी त्रासदी है।
