प्रेम आश्रम धाम में 72वां वार्षिक विशाल जागरण, हवन-पूजन एवं भंडारा श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न

Spread the love


रुद्रपुर। संपतपुर स्थित श्री प्रेम आश्रम धाम में गुरु गायत्री नाथ महाराज के सानिध्य में आयोजित 72वें वार्षिक विशाल जागरण, हवन-पूजन एवं भंडारे का आयोजन श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ संपन्न हो गया। दादा गुरु श्री श्री 1008 भरव नाथ महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित दूर-दराज़ से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन-पूजन सम्पन्न कराया गया। साथ ही कई दिनों से चल रहे श्रीमद्भागवत कथा भक्ति ज्ञान यज्ञ का भी धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समापन हुआ। कथा के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने धर्म, भक्ति, संस्कार एवं मानव कल्याण के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। पूरे आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भजन-कीर्तन में भाव-विभोर दिखाई दिए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी प्रेम आश्रम धाम पहुंचे। उन्होंने गुरु गायत्री नाथ महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा व्यास स्वामी राम जी दास विशिष्ठ जी महाराज को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संत-महापुरुष समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सेवा और सद्भाव का संदेश देते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, संस्कारों और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में प्रेम आश्रम धाम न्यास समिति के अध्यक्ष जगदीश सुखीजा सहित राजकुमार भुसरी, शुभम सुखीजा, सोमनाथ छाबड़ा, राजेन्द्र बठला, चिमन लाल ठुकराल, मनीष छाबड़ा, पुरुषोत्तम छाबड़ा, ललित बिष्ट, अशोक यादव, रमेन विश्वास, सुभाष मक्कड़, विशाल छाबड़ा, सचिन छाबड़ा, तीरथ सीकरी, इंदर खुराना, दर्शन लाल छाबड़ा, विनोद ठुकराल, बंटी कुमार, गुलशन शर्मा, विक्की छाबड़ा, सुमन, शकुंतला रानी सुखीजा, वर्षा छाबड़ा, मीनू हुड़िया, शशि भुसरी, कांता मक्कड़, शोभा फुफ्टेला, रजनी, सीमा सेतिया, सोनिया, सुदेश छाबड़ा, राधा रानी छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन की सफलता पर आश्रम प्रबंधन एवं न्यास समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


Spread the love