गाजियाबाद में सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर
गाजियाबाद। Ghaziabad के खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। �
पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि फरार चल रहा आरोपी असद अपने एक साथी से पैसे लेने के लिए खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है। जानकारी यह भी थी कि पैसे लेने के बाद वह शहर छोड़कर फरार होने की तैयारी में था। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि बाइक पर पहुंचे असद और उसके साथी को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली असद को लगी, जबकि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। घायल असद को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि बकरीद के दिन खोड़ा कॉलोनी में 17 वर्षीय सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था।
सूर्या हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और सहयोगियों की तलाश जारी है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
घटना बकरीद के दिन 28 मई की है। दोपहर करीब साढ़े 3 बजे थाना क्षेत्र खोड़ा में नाबालिग हिंदू युवक सूर्या चौहान की चाकू से गोदकर हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से हुए घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 29 मई को दोपहर लगभग 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना का मुख्य कारण करीब 8 महीने पुराना मामूली विवाद और पुरानी रंजिश थी। मुख्य आरोपी असद और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए बकरीद के दिन सूर्या को ‘कुर्बानी देखने’ के बहाने घर बुलाया था और चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी।
